मुर्धवा इलाके में स्थित एक ग्रुप की बिड़ला कार्बन कंपनी ने जमकर खतरनाक केमिकल युक्त कार्बन पाउडर उड़ाया। कई घंटों से उड़ रहे कार्बन पाउडर से पूरे नगर में हड़कंप मचा हुआ है। बारिक कार्बन पाउडर की मोटी परत छतों, घरों के अंदर सहित वाहनों पर जमा हो गया हैं वहीं इसके जद में आने से कईयों के चेहरे काले हो गए तो सैकड़ों लोग कार्बन की बारिश में लथपथ हो भींग गए।
इस दौरान उल्टी,बेचैनी और शरीर में खुजलाहट से लोग परेशान रहे। रविवार दोपहर में कार्बन प्लांट से केमिकल युक्त कार्बन पाउडर हवा में उड़ना शुरु हुआ तो लोगों ने हमेशा की तरह नियमित कार्बन उड़ने की प्रक्रिया मानी लेकिन तीन-चार घंटे बाद भी हवा में उड़ता रहा। शाम होते होते स्थिति भयावह होने लगी। मुर्धवा,खाड़पाथर,रेणुकूट कार्बन की चपेट में आ गया। कार्बन के बारीक कण हवा के साथ लोगों के घरों में पहुंच गया वहीं साप्ताहिक बाजार के दिन खरीदारी कर रहे लोग काले हो गए।
शरीर पर कार्बन के पाउडर चिपकने से लोग बेचैन नजर आए। खुजलाहट, उल्टी और बेचैनी से त्रस्त लोग कार्बन कंपनी और प्रशासन को कोसते रहे। मुर्धवा गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय राय ने कार्बन उड़ने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर किया है। और उन्होने उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को भी कंपनी द्वारा किए जा रहे हरकत से अवगत कराया। अजय राय ने बताया कि यहां स्थापित औद्योगिक कंपनियां केवल लोगों को प्रदूषण का जहर परोस रही हैं।
लोगों के जान से खिलवाड़ कर कंपनियां यहां के हवा और जिंदगी में जहर घोल दिया है। जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व सरकारी एजेंसियां इन कंपनियों द्वारा लोगों के जीवन से खिलवाड़ के बाद भी आंखें मूंदे बैठी हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी प्रदूषण फैला रहे इस कंपनी पर कोई कार्रवाई नहीं होना जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।