वाराणसी जिले के तरना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी से रक्षाबंधन का पर्व मनाने गई मकान मालकिन आभा यादव और उनके यहां किराये पर रहने वाले एक जेई व दो बैंक मैनेजर के घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चुरा ले गए। साक्ष्य मिटाने की नीयत से चोर टीवी के सेटअप बॉक्स और वाईफाई के बॉक्स को सीसी कैमरे का डीवीआर समझ कर उठा ले गए। जबकि, डीवीआर नीचे के कमरे में लगा था और दो चोर चोरी करते हुए कैद हुए हैं। घटना की जानकारी शिवपुर थाने की पुलिस को दी गई है।
शिवपुर थाना के तरना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में दो तल के मकान में ग्राउंड फ्लोर में आभा यादव रहती हैं। बाकी के दोनों फ्लोर में किरायेदार रहते हैं। 20 दिन पहले वह दिल्ली में पढ़ रहे अपने बेटे व बेटी के घर गई हुई हैं। फर्स्ट फ्लोर में किराये पर रहने वाले सिंचाई विभाग के जेई अश्वनी कुमार राय ने बताया कि वह शनिवार शाम परिवार समेत गाजीपुर की शिवपुरी कॉलोनी स्थित अपने घर रक्षाबंधन मनाने गए थे। उनके पूर्व ऊपर रह रहे दोनों किरायेदार भी जा चुके थे। इसलिए वह मुख्य द्वार बंद करके चाबी पड़ोसी के घर दे गए थे।