तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश से गुरुवार को क्षेत्र के कई गांवों में कच्चे मकान धराशाई हो गए। इन हादसों में गृहस्थी का सामान नष्ट होने के साथ ही दो लोग जख्मी हो गए। वहीं, सड़क पर पेड़ गिरने से वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा।
सुबह जोरदार बारिश के दौरान अजांव गांव में प्रहलाद सेठ का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया, जिससे हजारों रुपये का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। इसीतर चुकहां गांव में नरायन राम का मकान ढह जाने से गृहस्थी बर्बाद हो गई। गोल धमकवां गांव में दोपहर में प्यारे विश्वकर्मा का भी कच्चा मकान गिर गया। इसमें अनाज और कपड़े समेत गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।
इसी तरह क्षेत्र के गरथौली गांव में अपराह्न करीब दो बजे अशोक चौबे के मकान और टिन शेड पर नीम का विशाल पेड़ टूटकर गिर गया। मलबे में दबने से अशोक कुमार चौबे, उनके भाई गुल्लू घायल हो गए। इनके अलावा एक गाय और एक भैंस भी जख्मी हो गई। गांव के लोगों ने मलबा हटाकर सबको बाहर निकाला और दोनो घायलों को चौबेपुर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, उमरहां बाजार में वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर नीम का पेड़ गिर गया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों ने डालियां काटकर पेड़ को सड़क से हटाया तब यातायात सामान्य हुआ।