मंत्रों से दूर हो सकता है दर्द, ब्लड प्रेशर भी होगा नियंत्रित
मंत्र विशेषज्ञ अमृतेश कुमार भास्कर ने बताया कि मंत्रों के जरिये दर्द के साथ ही ब्लड प्रेशर भी नियंत्रित हो सकता है। प्रकृति की आवाज में ऐसी तरंगें हैं जिनका इस्तेमाल करके हम अपनी कई बीमारियों को दूर कर सकते हैं। राम नाम के मंत्रों से शरीर में जगह-जगह होने वाले दर्द ठीक किया जा सकता है। निशुल्क मंत्र चिकित्सा शिविर 15 जून तक चलेगा। मरीजों को अपनी मेडिकल हिस्ट्री लेकर आना होगा।
सुबह की शुरुआत हो रही मंत्रों से
सचिव बृजेश सिंह ने बताया कि शिविर में रोजाना सुबह पहले 15 मिनट ऊं एवं वैदिक गायत्री मंत्र का जाप और ध्यान कराया जा रहा है। इसके बाद मंत्र विशेषज्ञ रोगियों के रोग के अनुसार मंत्रोच्चार करते हैं। रोगी को 30 मिनट तक ध्यान की अवस्था में मंत्रों को सुनना है।
इसके बाद हर रोगी को पांच मिनट तक मंत्र का जाप कराया जा रहा है और उसके बाद ध्यान। मेडिकल हिस्ट्री के अनुसार व्यक्तिगत सेशन भी चल रहा है। पहले दिन के सेशन में ब्लड कैंसर, ऑटिज्म, डायबिटीज, हृदय और हड्डी रोग के मरीजों की चिकित्सा शुरू हुई।
वैदिक मंत्रोच्चार और दीप जलाकर हुई शुरुआत
शिविर का शुभारंभ रविवार को सुबह 6:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, दीप-प्रज्ज्वलन और विशेष यौगिक और वैदिक साधना-सत्रों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कर्नल संदीप शर्मा, प्रो. अमिताभ राव और डॉ. कंचन सिंह परिहार रहे। नव भारत निर्माण समिति के सचिव बृजेश सिंह और बीएचयू से आचार्या डॉ. अपर्णा ने वैदिक चिकित्सा परंपरा के बारे में बताया। इसके बाद योगाचार्य जितेंद्र प्रताप सिंह ने विशुद्ध योग साधना की विशेष प्रविधियां सिखाईं।