दिल्ली के सांसद व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी पांच दिवसीय संगीत समारोह में सोमवार को चौथी निशा में हाजिरी लगाने पहुंचे तो उनके प्रशंसकों का रेला उमड़ पड़ा।
शीतलाघाट पे काशी में हम जाके शीश झुकाईब हो... की तान जब मनोज तिवारी ने छेड़ी तो पूरा शीतला घाट हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। मनोज ने सभी का अभिवादन हाथ जोड़कर स्वीकार करते हुए बीते वर्षों की यादों को गीत के माध्यम से साझा किया।
शीतला घाट के दोनों तरफ की मढ़ियों पर लोग खड़े होकर अपने भोजपुरी गायक मनोज के गीतों को सुनते रहे। देवी गीत गाते हुए मनोज ने कहा कि ये गीत मैं सब जगह गाता हूं विदेशों में भी शीतला मईया क बखान गावल जाला।
मेरी मां बताती है कि गंगा मेरी माता है। उन्होंने कहा कि हमरे मोदी जी के दिह मईया उहे अशिसिया ना...। काशी की जनता के लिये मनोज ने माई हो बनवले रहिये ई शीतला परिवार रूपवा मनवा मोहत बा...सबके दीवाना बनवले बा... समेत कई देवी और देशभक्ति गीत भी सुनाए।
श्रोता भी मनोज के गीतों पर झूमते और नाचते रहे। मनोज तिवारी को महंत ने चुनरी और माल्यार्पण, मोर पंखी की कलगी लगी टोपी, मोती की माला, अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया।