पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने बताया कि सोमवार रात मनियर नगर पंचायत की ईओ मणि मंजरी राय ने शहर कोतवाली के आवास विकास कॉलोनी स्थित किराये के मकान में पंखे के हुक से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
बलिया जिले में मनियर नगर पंचायत की ईओ(अधिशासी अधिकारी) मणि मंजरी राय ने सोमवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। आत्महत्या की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिशासी अधिकारी गाजीपुर जिले के थाना भांवर कोल की रहने वाली थीं। उन्होंने दो साल पहले मनियर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था।
बरामद हुए सुसाइड नोट में लिखा है कि 'वह दिल्ली, मुंबई से बचकर बलिया चली आईं। लेकिन यहां उन्हें रणनीति के तहत फंसाया गया है, इससे वह काफी दुखी हैं। लिहाजा उनके पास आत्महत्या करने के सिवाय कोई विकल्प नहीं है।'