काशी में विराजमान भगवान शिव के धाम श्री काशी विश्वनाथ कारिडोर के लोकार्पण समारोह को दीपावली एवं देव दीपावली की तरह जन-जन का आयोजन बनाने की तैयारी है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को इस आयोजन को उत्सव के रुप में मनाए जाने की तैयारियों और काशीवासियों की सहभागिता के लिए बैठक की गई। इसमें शहर के सभी भवनों को आकर्षक लाइट से सजाने की प्रतियोगिता की भी घोषणा की गई है।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि हम सब मिलकर ऐसा माहौल बनायें, जिससे काशी की एक अच्छी छवि यहां आने वालों को देखने को मिले और विश्व में इसका संदेश जाये। उन्होंने कहा कि अच्छी सजावट करने वालों को प्रोत्साहन राशि की योजना है। जिसमें कामर्शियल कांप्लेक्स, होटल, सरकारी भवन आदि में सबसे अच्छी सजावट करने में पहला स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार, दूसरा स्थान पाने वाले को 21 हजार तथा तृतीय को 11 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सबसे अच्छी सफाई व सजावट करने वाले वार्ड को 11 हजार प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर के बाद घर-घर में काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद और मंदिर के इतिहास की पुस्तिका वितरित की जाएगी।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अपील की और कहा सरकारी कार्यालयों, विद्युत पोल, चौराहों, हाउसिंग सोसाइटी द्वारा कांप्लेक्सों, घाटों पर नावों को लाइटों से सजाने के साथ ही आम नागरिक अपने घरों में सजावट करें और दीपक भी जलाएं।
मनमानी पार्किंग पर कसेगी लगाम
पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने बैठक में यातायात व्यवस्था को सुव्यस्थित और जाम से निपटने के इंतजाम की जानकारी दी। उन्होंने वाहन मालिकों से अवैध पार्किंग नहीं करने की अपील की और चेतावनी दी कि आटो रिक्शा चालकों के खराब ड्राइविंग तथा मनमनी पार्किंग पर लगाम लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि डेढ़ महीने तक विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्री, गवर्नर, विदेश के मंत्रियों सहित कई वीआईपी आएंगे। इस दौरान व्यापारी और पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, सड़क की मरम्मत व सफाई, अतिक्रमण रोकने का आश्वासन दिया।