दक्षिण कोरिया के मेसर्स ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री शियुंग पार्क ने किया बरेक
- फोटो : shiv tripathi
दक्षिण कोरिया स्थित कंपनी के प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क बृहस्पतिवार को बरेका पहुंचे। यहां उन्होंने मेसर्स राइट्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बरेका पहुंचकर रेल इंजन बनते देखा। इस दौरान टीम के सदस्यों ने स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण (रेल इंजन) क्षमता के बारे में जानकारी ली।
बरेका में टीम के पहुंचने के बाद मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने स्वागत किया। दौरे की शुरुआत प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित बैठक से हुई। यहां मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार ने पावर पाॅइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका की उपलब्धियों, तकनीकी प्रगति, लोकोमोटिव उत्पादन के बारे में बताया। साथ ही वैश्विक निर्यात, आधुनिक विनिर्माण क्षमता, लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी टीम को दी।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, इंजन टेस्ट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें लोकोमोटिव निर्माण के विभिन्न चरणों, अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं और बरेका की डिजाइन, उत्पादन क्षमताओं से अवगत कराया गया। दक्षिण कोरिया से आए प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की आधुनिक उत्पादन अवसंरचना, तकनीकी दक्षता, उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सुविधाओं की सराहना की। इस दौरे को भविष्य में संभावित औद्योगिक व्यावसायिक अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस दौरान विश्व वासु गुप्ता, अरविंद कुमार के साथ ही राइट्स के महाप्रबंधक संजय कुमार, सहायक प्रबंधक रोहित कुमार आदि माैजूद रहे।