मिर्जापुर में ट्रेलर की चपेट में आई बुलेट (लाल घेरे में)
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की नई बुलेट ही उसकी मौत की वजह बन गई। वहीं उसका दोस्त इस वक्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
जिले के चौकी क्षेत्र के खम्हरिया गांव निवासी रजनीकांत तिवारी (28) पुत्र शिव शंकर तिवारी ने शुक्रवार को ही नई बुलेट खरीदी थी। जिसे लेकर वह शनिवार को अपने दोस्त अवनीश तिवारी(25) पुत्र शिवसागर तिवारी के साथ मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ चौकी क्षेत्र के ददरा-हिनौता प्राचीन हनुमान मंदिर दशर्न करने जा रहा था। बुलेट को उसका दोस्त अवनीश चला रहा था।
इसके बाद दोनों किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए वाराणसी जाना था। जैसे ही वे शनिवार सुबह 10 बजे दर्शन कर के मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ चौकी क्षेत्र के ददरा-हिनौता प्राचीन हनुमान मंदिर के पास से मुड़ने लगे तभी ट्रेलर की चपेट में आने से रजनीकांत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि अवनीश तिवारी गंभीर रूप से घायल को राजगढ़ अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार रजनीकांत ने शुक्रवार को ही नई बुलेट खरीदी थी जिसको लेकर शनिवार को दर्शन के उद्देश्य से प्राचीन हनुमान मंदिर पर गया था।
चश्मदीदों का कहना था कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रेलर रजनीकांत के शव को घसीटते हुए समीप में ही सड़क के किनारे बने हुए प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी को तोड़ते हुए स्कूल में जा घुसी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार, मड़िहान कोतवाल विजय पटेल तथा चौकी प्रभारी राजगढ़ अखिलेश पांडे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रजनीकांत के शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।