Varanasi News: जिले के ढाब क्षेत्र में एक शख्स की दो मंजिला मकान की छत से गिरकर मौत हो गई। भोर में पत्नी ने छत पर पति को न देख कर नीचे झांका तो उसके होश उड़ गए।
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के ढाब निवासी एक शख्स की दो मंजिला मकान की छत से गिरने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मत गया। मृतक की पहचान रामचंदीपुर ग्राम प्रधान विभा निषाद के जेठ गोपाल निषाद (40) पुत्र रामकुअर निषाद के रूप में हुई है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि रात में भोजन करने के बाद गोपाल निषाद छत पर सोने गया था। देर रात नींद में उठकर शौच के लिए छत के किनारे गया। इसी दौरान बारजा मात्र ढाई फीट ऊंचा होने से संतुलन बिगड़ गया और फिसलकर पास के मकान से टकराते हुए नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से अचेत हो गया।
भोर तीन बजे पत्नी राजकुमारी ने गोपाल को छत पर न पाकर नीचे झांका तो जमीन पर पड़े पति को देख शोर मचाने लगी। परिजन आनन-फानन निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। खेती-किसानी के साथ सेटरिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र सहित पूरा परिवार छोड़ गया। घरवालों का रो- रो कर बुरा हाल है।