अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन की अध्यक्षता में बुधवार को व्यापारियों ने डीएम सत्येंद्र कुमार को पत्र सौंपा। कहा कि चेतगंज स्थित वाणिज्य कर कार्यालय द्वारा व्यापार मंडलों की एक बैठक बुधवार की शाम बुलाई गई थी। उन लोगों को बताया कि उसकी अध्यक्षता डीएम कर रहे हैं, लेकिन जब व्यापारी मौके पर पहुंचे तो कोई अधिकारी नहीं आया और बैठक भी नहीं हुई। व्यापारी राकेश जैन ने डीएम से मांग की है कि ऐसे अफसरों पर कार्रवाई करें जो इस तरह गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली रखते हैं। महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने इस घटना को व्यापारियों का सीधा अपमान बताया। महानगर उद्योग समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने भी आक्रोश जताया। बैठक में व्यापारी नेता विनोद अग्रवाल, प्रमोद अग्रहरि, दिनेश चौरसिया, राम भारत ओझा, हेमंत सहित अनेक व्यापारियों ने एक स्वर में विरोध प्रकट किया।