swami nityanand program in kashi
कड़े विरोध के बावजूद विवादित महामंडलेश्वर स्वामी नित्यानंद का कल्पतरु दर्शन शिविर रविवार से छावनी क्षेत्र के एक तारांकित होटल में शुरू हो जाएगा। आध्यात्मिक रंग में रंगे युवा संतों और साध्वियों, सेविकाओं की भीड़ और देवी-देवताओं की आदमकद मूर्तियों की सजावट से फाइव स्टार होटल में किसी भव्य मठ या आश्रम जैसा माहौल बन गया है।
इस शिविर में चिकित्सकों, इंजीनियरों के अलावा अन्य नौकरी पेशा वाले प्रबुद्ध तो होंगे ही, सौ से अधिक दक्षिण भारतीय और विदेशी साध्वियां भी वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। श्वेत और गेरुआ, लाल साड़ियों, कमीजों में विदेशी साध्वियां भी इस शिविर में हिस्सा लेने के लिए काशी पहुंच गई हैं। छावनी क्षेत्र के कई पांच सितारा होटलों में जगह नहीं बची है। शिविर 26 जून से 16 जुलाई तक यह चलेगा।
होटल रमाडा प्लाजा में शनिवार की देर रात बाबा नित्यानंद के कल्पतरु दर्शन और मंत्र दीक्षा शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। इस फाइव स्टार सुविधा वाले होटल के कक्षों के अलावा सभी हॉल बाबा के भक्तों ने बुक करा लिए हैं। सारंगी हाल में स्वर्णिम आभा वाले सिंहासन पर विराजमान होकर विवादित महामंडलेश्वर स्वामी नित्यानंद मंत्र दीक्षा देंगे। सभा मंडप में राधा-कृष्ण के अलावा शिव-पार्वती, गणेश, षडानन, दुर्गा की आदमकद प्रतिमाएं सजाई गई हैं। रविवार सुबह सात बजे से कल्पतरु दर्शन और मंत्र दीक्षा आरंभ होगी।