दुनियाभर से आने वाले सैलानियों को अब काशी में घूमने के लिए अलग अलग टिकट लेने की झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। लंदन पास की तर्ज पर यहां आने वाले सैलानियों के लिए स्मार्ट सिटी ने एकीकृत वेबसाइट व एप तैयार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 दिसंबर को इस वेबसाइट और एप को लाॅन्च करेंगे। इसके बाद वाराणसी घूमने आने वाले पर्यटक इस वेबसाइट से अपने टिकट की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग होते ही उनके मोबाइल पर एक क्यूआर कोड पहुंचेगा। इस क्यूआर कोड के जरिये वे काशी विश्वनाथ मंदिर, ई-बस, क्रूज, एयरपोर्ट लाउंज और सारनाथ के लाइट एंड साउंड शो में सुगम प्रवेश कर सकेंगे।
दरअसल, स्मार्ट सिटी ने एकीकृत वेबसाइट और एप तैयार किया है। इसमें श्री काशी विश्वनाथ धाम मंदिर में दर्शन, सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो के टिकट, शहर में चल रही तमाम इलेक्ट्रॉनिक बसों के टिकट, शहर में महत्वपूर्ण दो पार्किंग स्थल बेनियाबाग और मैदागिन आदि के टिकट को एक क्यूआर कोड से जोड़ा गया है। वेबसाइट और एप पर जिन सुविधाओं को प्राप्त करना है, उसका चयन करना होगा। टिकट की संख्या के आधार पर छूट के साथ धनराशि जमा करने का विकल्प मिलेगा। इस क्यूआर कोड से एक प्लेटफार्म पर आठ सुविधाओं का लाभ एक जगह मिलेगा। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि डिजिटल प्लेटफार्म पर क्यूआर कोड के रूप में टिकट सुविधा का नाम तय किया जा रहा है।