सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच साल पहले देवर-भाभी से 15 लाख रुपये ठगने के मामले में मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखीमपुरखीरी जिले के फरधान थाना के चपरतला, पिपरवा निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है।
छितौनी निवासी विनोद कुमार पाल के प्रार्थना पत्र पर अदालत ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। इसी आधार पर मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने 23 अक्तूबर 2019 को धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था। डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि विनोद और उसकी भाभी की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर सुनील कुमार, दिनकर सिंह और ओंकार नाथ शाही ने 15 लाख रुपये ठग लिए थे।
साथ ही विनोद को संस्कृत महाविद्यालय में क्लर्क और उसकी भाभी को कृषि एवं ग्रामीण विकास फाउंडेशन में क्लर्क के पद का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद दिनकर सिंह और ओंकार नाथ को गिरफ्तार कर लिया गया था। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय के नेतृत्व में दरोगा सुरेंद्र कुमार और सिपाही धर्मेंद्र कुमार की टीम ने आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर पीट कर घायल किया
शेषमन बाजार, राजापुरा निवासी विष्णु प्रसाद का पुत्र गौरव कुआवाली गली होते हुए दवा लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में शरीफ और उसके साथ के तीन अज्ञात व्यक्ति गौरव से गालीगलौज करने लगे। गौरव ने विरोध किया तो चारों ने उसे मुक्का और थप्पड़ मार कर घायल कर दिया। विष्णु प्रसाद की तहरीर पर जैतपुरा थाने में शरीफ और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमा वापस लेने की दी धमकी
बरबसपुर घोघरी गांव के पंचम वनवासी ने पुलिस आयुक्त में डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार से न्याय की गुहार लगाई। बताया कि उन्हें जबरन काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। मना करने पर पिटाई की गई और जातिसूचक गाली दी गई। उन्होंने सिंधौरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अब मुकदमा वापस करने के लिए धमकी दी जा रही है। डीसीपी गोमती जोन ने एसीपी पिंडरा और सिंधौरा थानाध्यक्ष को प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मार्कंडेय महादेव से चुराई गई 3 बाइक संग 5 गिरफ्तार
चौबेपुर के कैथी गांव स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बाइक चुराने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को चौबेपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पांचों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की गई है। एसीपी सारनाथ डाॅ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि अखिल यादव व प्रदीप यादव, अंकित यादव, परिश्रम यादव और अतुल तिवारी को गिरफ्तार किया गया है।
पटना से फॉर्च्यूनर ले आई पुलिस, दो से पूछताछ
भीटी स्थित ढुंढिराज पुलिया के समीप चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटी गई फॉर्च्यूनर पटना से बरामद कर पुलिस रामनगर थाने ले आई। पुलिस ने पटना में फॉर्च्यूनर की साफ-सफाई करते मिले दो लोगों को हिरासत में लिया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर के टिकरापुर थाना के संतोषी नगर निवासी यूनुस खान को नशीला पदार्थ खिला कर दो पुरुष और एक महिला ने सुबह भीटी स्थित ढुंढिराज पुलिया के समीप झाड़ी में फेंक दिया था। उधर, इस संबंध में रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
आठ बीघे की अवैध प्लाॅटिंग और निर्माण पर कार्रवाई
वीडीए ने शनिवार को अवैध प्लाॅटिंग और निर्माण पर कार्रवाई की। जोन-5 वार्ड-रामनगर में जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार ने 8 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। उधर, वरुणा नदी के किनारे 50 मीटर दूरी तक स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में गोपाल यादव व अन्य द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया।
इंश्योरेंस कंपनी को 85 हजार रुपये देने का आदेश
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी को 82062 रुपये और तीन हजार रुपये वाद खर्च के रूप में देने का आदेश दिया है। यह आदेश आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह और सदस्य सुमन दूबे ने देवलपुर हड़ियाडीह के त्रिलोकी सिंह के परिवाद पर दिया है।
कपड़े के शोरूम की जांच की, मिली गड़बड़ी
विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बाट माप विभाग ने शहर के छह वाहनों और कपड़ों के शोरूम में छापा मारा। बाट माप विभाग के सहायक नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि दो दिनों में पांच वाहनों और एक कपड़े के शोरूम की जांच की गई। इनके मापन उपकरण में गड़बड़ी मिली।
समाधान कैंप में बुनकरों ने गिनाईं समस्याएं
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से नगरीय विद्युत वितरण खंड सप्तम के तहत कैंप में 84 लोगों की समस्याओं का निस्तारण हुआ। लोहता क्षेत्र के अधिकांश बुनकरों ने बिजली उपभोग के लिए बनने वाली पासबुक के न बनाए जाने की समस्या बताई।
बीएचयू प्रशासन से वार्ता विफल, धरना जारी
बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस पर एबीवीपी छात्रों का धरना नौवें दिन जारी रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन और आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन 50 प्रतिशत से ज्यादा मांगों पर सहमति न बनने से वार्ता विफल हो गई। इकाई अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा। इकाई मंत्री भाष्करादित्य त्रिपाठी ने बताया कि शोध नियमावली समेत कई ऐसे विषय हैं जिन पर कोई सहमति नहीं बन सकी हैं।
खाद की कालाबाजारी रोकें अधिकारी
उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन लखनऊ के प्रबंध निदेशक एवं वाराणसी मंडल के नोडल अधिकारी श्रीकांत गोस्वामी ने शनिवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ गेहूं खरीद की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने फास्फेटिक खाद की बिक्री किसानों की जोत के अनुसार देने को कहा। साथ ही खाद की कालाबाजारी रोकने को कहा।
प्रो. सौरभ सिंह नोडल अधिकारी बनाए गए
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण परियोजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ट्रॉमा सेंटर परिसर में 150 बेड निर्माण के बाद यहां गंभीर मरीजों का इलाज होगा। जले हुए मरीजों का भी उपचार होगा।
महिलाओं को किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत जगापट्टी के भुइली में चौपाल लगाकर महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक किया गया। उप निरीक्षक मंजू चौरसिया ने कहा कि महिलाएं समाज के दुश्मनों का डटकर सामना करें। कोई भी दिक्कत हो तत्काल 1090 या 112 पर फोन करें। इस दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में भी जानकारी दी।
कांग्रेस नेता रोशनी जायसवाल पर कार्रवाई अनुचित
कांग्रेस नेता रोशनी कुशल जायसवाल के प्रकरण में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से शनिवार को मुलाकात की। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि एकपक्षीय कार्रवाई अनुचित है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस नेत्री रोशनी कुशल जायसवाल जब भी सोशल मीडिया पर कुछ लिखती थीं तो सैफरॉन राजेश सिंह कमेंट और धमकी देता था।
खाद्य विभाग ने 20 क्विंटल हल्दी जब्त की
दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग ने शनिवार को 11 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर 15 नमूने लिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित ने बताया कि घुरहूपुर में हल्दी की की जांच की गई। इसमें गड़बड़ी मिलने पर 20 क्विंटल हल्दी जब्त की गई। सॉस व कचरी भी जब्त की गई।
सांप्रदायिक तत्व देश के विकास में बाधक, हो सख्त कार्रवाई
जमीयत उलमा ए बनारस के प्रतिनिधिमंडल ने हाफिज ओबैदुल्लाह के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर पिछले दिनों हुई घटनाओं की जांच कराने की मांग की। कहा कि सांप्रदायिक तत्व देश के विकास में बाधक हैं। इन पर सख्त कार्रवाई हो। जमीयत उलमा पूर्वी उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी हाफिज उबैदुल्लाह जमीयत उलमा ए बनारस के जनरल सेक्रेटरी मौलाना अहमद शकील साहब कासमी हाजी मुहम्मद फुजैल मौजूद रहे।
अनिल चौबे बने अध्यक्ष
आयुर्वेद एवं यूनानी डायरेक्टरेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के वाराणसी, विंध्याचल मंडल का चुनाव कराया गया। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय हुए चुनाव में वाराणसी मंडल के अनिल कुमार चौबे अध्यक्ष चुने गए।
आखिरी बार पत्नी से बोले थे सोने जा रहा हूं, अब फोन न करना
सुद्धीपुर क्षेत्र की गंगोत्री नगर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता विजय कुमार मिश्रा (40) और उनकी पत्नी नीलम मिश्रा की आखिरी बार बात गुरुवार की रात नौ बजे हुई थी। उन्होंने पत्नी से कहा था कि सोने जा रहा हूं, फोन मत करना। इसके बाद शुक्रवार की सुबह वह होटल के कमरे में मृत पड़े मिले। मणिकर्णिका घाट पर मुखाग्नि उनके पिता शिव सहाय मिश्रा ने दी। परिजनों ने बताया कि डॉक्टर के अनुसार विजय की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है।
अधिवक्ता विजय गुरुवार की सुबह दीवानी कचहरी गए थे। यूपी बार काउंसिल से संबंधित अपने निजी काम के लिए अपराह्न तीन बजे वह बस से प्रयागराज निकले थे। वह प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित एक होटल में रुके हुए थे। बृहस्पतिवार की रात वह खाना खाकर सो गए थे। शुक्रवार की सुबह उनकी पत्नी नीलम ने अपने बेटे अभिनव को स्कूल भेजा। सुबह लगभग 10 बजे वह विजय को फोन करने लगी तो कॉल ही नहीं रिसीव हुई। इस पर उन्होंने गूगल की मदद से होटल का नंबर खोज कर फोन किया और बताया कि उनके पति कॉल नहीं रिसीव कर रहे हैं।
असिस्टेंट कमिश्नर से व्यापारी मिले, छापे पर जताई आपत्ति
वाराणसी व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर मानवेंद्र से मिलकर त्योहारों पर छापे की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। कहा कि जब जीएसटी का कार्य ऑनलाइन है, तो ऑनलाइन नोटिस भेजकर जांच करवानी चाहिए।
वाराणसी व्यापार मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा कि त्योहारों पर छापे की कार्रवाई ठीक नहीं है। अधिकारी चाहते हैं कि मल्टीनेशनल कंपनी का माल बिके और कुटीर एवं लघु उद्योग ठप हो जाए। इसी मंशा से छोटे व्यापारियों के यहां छापा मारा जाता है।
चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों का रवैया नहीं सुधरा तो धनतेरस और दीपावली पर कारोबार को बंद कर देंगे। बग्गा ने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आगे व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होगा। इस दौरान रमेश निरंकारी, राजीव वर्मा, दीप्तिमान देव गुप्ता, अरविंद जायसवाल, जय निहलानी मौजूद रहे।
सर्जिकल माइक्रोस्कोप से की कैंसर की सर्जरी
आईएमएस बीएचयू के डेंटल फैकल्टी में शनिवार को डॉक्टरों ने मुंह के कैंसर से पीड़ित एक मरीज की सर्जरी की। इसमें सर्जिकल माइक्रोस्कोप का प्रयोग किया गया। मुंह में कैंसर होने की वजह से मरीज के जबड़े, मुंह के मांस वाले हिस्से को निकालकर मरीज के पैर से मांस लिया गया।
प्रो. अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशन में हुई सर्जरी में मरीज के पैर से चमड़ी और मांस लेकर मुंह के कैंसर से ग्रसित जबड़े और मुंह की चमड़ी को लगाया गया। आईएमएस निदेशक प्रो.एसएन संखवार, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह, डिप्टी एमएस प्रो. राजेश मीना, प्रो.एचसी बरनवाला, प्रो. नरेश शर्मा के संयुक्त प्रयास से सर्जरी की गई।
वीडीए ने जीती कानूनी लड़ाई
वीडीए ने पांडेयपुर आवासीय योजना के प्रथम चरण में आवंटित फ्लैट संख्या एमएम-14 की कानूनी लड़ाई जीत ली है। मामले में ममता जायसवाल ने 15 नवंबर 2018 को वाद दाखिल किया था। अब अपर जिला व सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) की अदालत संख्या-2 ने इसे खारिज कर दिया। साथ ही वीडीए के निर्णय को बरकरार रखा।
इग्नू में ज्यादातर सीटों पर हुए दाखिले
हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय इग्नू के अध्ययन केंद्र में नए सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए परिचय समारोह हुआ। मुख्य अतिथि असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. एस के पांडेय रहे। कहा इग्नू में भारत व अन्य 33 देशों के लगभग 40 लाख विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। प्रो .अनिल कुमार ने कहा कि इस सत्र में यूजी, पीजी में बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम, एमएससी, रसायन शास्त्र में प्रमाणपत्र के लिए एडमिशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस मौके पर शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूर्व कुलपति बने वैदिक विज्ञान केंद्र के समन्वयक
बीएचयू में वैदिक विज्ञान केंद्र का समन्वयक संपूर्णानंद संस्कृत विवि के पूर्व कुलपति प्रो. राजा राम शुक्ल को बनाया गया है। प्रो. शुक्ल बीएचयू में संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के प्रमुख भी हैं। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने शनिवार को प्रो. शुक्ल को समन्वयक पद पर नियुक्त किया। वैदिक दर्शन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सरोज कुमार को सह समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक हैं।
श्रीरूप बने भारत कला भवन के कार्यवाहक निदेशक
बीएचयू में भौतिकी विभाग के प्रो. श्रीरूप रायचौधरी को भारत कला भवन का कार्यवाहक निदेशक बनाया गया है। कला इतिहास विभाग में सहायक आचार्य डॉ. निशांत को कार्यवाहक उप निदेशक बनाया गया। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने शनिवार को नियुक्तियां कीं। अगले आदेश तक अपने पद पर बने रहेंगे।
मेले में 155 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से चौकाघाट में रोजगार मेले में 567 अभ्यर्थी शामिल हुए। 11 कंपनियों ने 155 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने अभ्यर्थियों को कंपनियों के बारे में जानकारी दी। कहा कि चयन किन्ही कारणों से नहीं हुआ है तो परेशान न हो। जल्द ही फिर से मौका मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 से 30,000 तक का वेतन दिया जाएगा।
बाल संसद सदस्य निभा रहे अपनी जिम्मेदारी
सिहोरवां प्राथमिक विद्यालय ने न केवल बाल संसद का गठन किया, बल्कि छात्र अपनी जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। प्रधानाध्यापक राकेश सिंह ने बैठक कर बाल संसद समिति बनाई। पांचवीं के अनिकेत सिंह प्रधानमंत्री, कक्षा 4 की वैष्णवी उपप्रधानमंत्री, कक्षा 4 के रोहन वर्मा शिक्षा मंत्री, कक्षा 3 की आरोही वर्मा उपशिक्षा मंत्री, कक्षा 4 के रवि पटेल स्वास्थ्य मंत्री और कक्षा 5 के शिवम वर्मा को कृषि मंत्री बनाया गया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि अप्रैल में बाल संसद का गठन हुआ था।
भारत में आर्थिक शक्ति बनने की अपार क्षमता
बीएचयू के साउथ कैंपस राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में विकसित भारत @2047 थीम पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के पूर्व कुलपति प्रो. डीएस चौहान ने कहा कि भारत में सुपरफास्ट आर्थिक शक्ति का रूप धारण करने की अपार क्षमता है। हमारे पास विशेषज्ञता के साथ-साथ युवा आबादी भी खूब है।
प्रोफेशनल एथिक्स, तकनीक और ग्राहकों की संतुष्टि पर जोर दिया जाए तो भारत विकसित राष्ट्र बन जाएगा। वाशिंगटन विश्वविद्यालय, अमेरिका के वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. जस्टिन पॉल और डरबन प्रौद्योगिकी विवि, दक्षिण अफ्रीका से प्रो. रविंदर ने वर्चुअली लोगों को संबोधित किया।
वसंत महिला महाविद्यालय में पुस्तक का विमोचन
वसंत महिला महाविद्यालय में द्वितीय छात्र संगोष्ठी का आयोजन प्राचीन भारतीय इतिहास संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग ने किया। जिसका शीर्षक रिसेंट एडवांसमेंट इन इंडियन आर्कियोलॉजी एंड हिस्ट्री था। मुख्य अतिथि प्रो. सुमन जैन रही। कार्यक्रम को नवीन पहल और उपयोगी बताया। पिछले संगोष्ठी के शोध पत्रों को एकत्र कर पुस्तक के रूप में विमोचन किया। प्रो. सुमन जैन ने पुस्तक की तारीफ कर जागरूक रहने को कहा।
पंच नदियों के संगम स्थल पर चला स्वच्छता अभियान
पंच नदियों की संगम स्थली पंचगंगा घाट पर शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई, 137 सीईटीएफ बटालियन (प्रादेशिक सेना) 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाकर गंगा निर्मलीकरण के लिए लोगों को जागरूक किया।
नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि व गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट के नेतृत्व में गंगा किनारे स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया। अभियान में रश्मि साहू, सपना वर्मा, रतन साहू, विजय थापा, राजेंद्र गुरुंग ने सहयोग किया।
वरुणा संध्या में प्रियंका ने किया कुचिपुड़ी नृत्य
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से छावनी के नेहरू पार्क में वरुणा संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान हैदराबाद से आईं विदुषी प्रियंका भरदे ने कुचिपुड़ी नृत्य किया। नृत्य की शुरुआत रंगा पूजा विनायक कोधवम से की। इसके बाद त्यागराज कृतनम, शंभो महादेव, तुलजा भवानी स्तुति, अर्धनारीश्वर स्तोत्रम के बाद अंत में झांसी की रानी को समर्पण एवं मंगलम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलाकारों को प्रमाणपत्र, अंगवस्त्रम एवं माल्यार्पण अजय गुप्ता ने दिया। इस दौरान सचिन कुमार, बद्री प्रसाद प्रजापति, दुर्गा प्रसन्ना, तनुज कुमार वर्मा, काशीराम कुशवाहा मौजूद रहे।
गायन से श्रोताओं को किया विभोर
शिल्पायन संगीत संध्या में कलाकारों ने गायन से श्रोताओं को विभोर किया। शिल्पायन के विद्यार्थियों ने दिवाली पर आधारित गीतों को समूहगान पेश किया। पं. रमेश सरना ने राग जैजयवंती, अनन्या तिवारी ने पुरिया धनाश्री, ऋषिका सिंहा ने राग केदार व प्रीति सिंह ने राग वागेश्वरी में बंदिशें पेश की। हरिनारायण सारडा ने संगीत की बारीकियों से पर चर्चा की। स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. देवाशीष डे तथा संचालन डॉ. रागिनी सरना ने किया।
हेड कॉन्स्टेबल ने बचाई यात्री की जान
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री ट्रेन के दरवाजे में फंस गया। वहां खड़े एक हेड कॉन्स्टेबल ने दौड़कर उसको बचा लिया, नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। युवक का पैर फिसल जाने के कारण यह हादसा हुआ था।
होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में लगी विंटर-समर गारमेंट्स सेल
शहर स्थित होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में ब्रांड बाजार की समर व विंटर गारमेंट्स की सेल चल रही है। यह सेल सोमवार (28 अक्तूबर 2024) तक चलेगी। सेल में त्योहारों के अवसर पर ग्राहकों को डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसमें लेडीज वूलन टॉप, कुर्ती, जीन्स, लैगी, कार्डीगन, हुड्डीज़, जेन्ट्स लैदर लुक जैकेट, कोट-सूट, स्वेटर्स, जीन्स, टी-शर्ट, शर्ट एवं किड्स विंटर वियर वूलन गारमेंट्स की विशाल रेंज उपलब्ध है। इसके साथ ही किड्स वियर में ऑल न्यू फैशनेबल कलेक्शन भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है।