रोशनी के साथ न्याय नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगी महिला कांग्रेस
विज्ञापन
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार और जिला प्रशासन से की न्याय की मांग माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। प्रदेश में महिला हिंसा और असुरक्षा की स्थिति बेहद भयावह है। काशी में भी महिलाएं महफूज नहीं हैं। पिछले सितंबर माह से बनारस की बेटी रोशनी कुशल जायसवाल का परिवार पुलिस प्रताड़ना का शिकार हो रहा है। जिन धाराओं में उन्हें जेल में बंद किया गया है वे सब जमानती धाराएं हैं, फिर भी रोशनी के परिजनों को प्रताड़ित कर रहा है। अगर रोशनी के साथ न्याय नहीं हुआ तो महिला कांग्रेस सड़क पर उतरेगी।
ये कहना है कि महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वी जोन) सहला अहरारी का। मंगलवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रोशनी जायसवाल का अपराध सिर्फ इतना है कि उन्होंने खुद अपने सम्मान की रक्षा के लिए राजेश सिंह से प्रतिवाद किया। इतना ही नहीं रोशनी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया। रोशनी जायसवाल को जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक हम उनके साथ खड़े रहेंगे। मैं प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह करती हूं कि यथाशीघ्र रोशनी कुशल जायसवाल के साथ न्याय करें। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, अनुराधा यादव, ऋतु पांडेय, पूनम कुंडू, डॉ. नृपेन्द्र नारायण सिंह मौजूद रहे।