इन मंदिरों से आ रहे शृंगार व उपहार
मथुरा श्री कृष्ण जन्मस्थली, माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड जम्मू, श्री सिद्धिविनायक मंदिर मुंबई के अलावा तमिलनाडु के चिदंबरम मंदिर, मदुरई मीनाक्षी अम्मन मंदिर, द्रौपदी अम्मन मंदिर, थिरुकंडेश्वरम मंदिर, सबनायांगर मंदिर, पेरिया नयागी अम्मन मंदिर, संगारी काली अम्मन मंदिर, वेदा अघोरपुरेश्वर मंदिर, कुमारगुरु परमेश्वर मंदिर सहित 21 मंदिरों से बाबा विश्वनाथ के लिए शृंगार, पूजन सामग्री व उपहार आएगा।
श्रद्धालुओं को सर और मैडम कहकर बुलाएंगे पुलिसकर्मी, हाथ जोड़कर करेंगे स्वागत
महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं को पुलिसकर्मी सर और मैडम कहकर संबोधित करेंगे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सॉफ्ट स्किल का प्रशिक्षण दिया गया। मंदिर परिसर के त्र्यंबकेश्वर हॉल में बृहस्पतिवार को बैठक हुई। कहा कि यहां आने वाले हर श्रद्धालु सम्मान, सुरक्षा और सहयोग के अधिकारी हैं।
महाशिवरात्रि को ध्यान में रख सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन करेंगे। किसी भी स्थिति में कठोर भाषा, अपशब्द या अभद्र व्यवहार स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दूरदराज से आए श्रद्धालुओं के प्रति अतिरिक्त संवेदनशीलता बरतने को कहा।
सीसी कैमरे से निगरानी
मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों के व्यवहार की सीसी कैमरे से कंट्रोल रूम में वरिष्ठ अधिकारी निगरानी करेंगे। किसी भी स्तर पर किसी पुलिसकर्मी की ओर से अभद्रता, अनुचित आचरण या लापरवाही पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।