शाम पांच बजे निकलेगी बरात, सात घंटे में तय होगा चार किलोमीटर का सफर
विश्व प्रसिद्ध शिव बरात की शुरुआत शाम पांच बजे दारानगर स्थित महामृत्युंजय महादेव मंदिर से होगी। बरात दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग, आसभैरव, चौक, ज्ञानवापी और गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध स्थित चितरंजन पार्क में जाकर संपन्न होगी। लगभग 4 किलोमीटर की यह यात्रा 7 घंटे में पूरी होगी। रास्ते भर काशीवासी दूल्हा बने बाबा भोलेनाथ का तिलक कर स्वागत करेंगे। इस वर्ष करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है, जिसे लेकर प्रशासन भी तैयारियों में जुट गया है।