नामुमकिन को मुमकिन करके दिखाएंगे ये धुरंधर
बेलारूस के विश्व चैंपियन पावरलिफ्टर लियोनिड टारानेंको और यूके के वर्ल्ड चैंपियन स्ट्रांगमैन मार्क फेलिक्स समेत दुनिया के 12 धुरंधर वर्ल्ड कप स्ट्रांगमैन चैंपियनशिप में नामुमकिन को मुमकिन करके दिखाएंगे। वर्ल्ड स्ट्रांगमैन फेडरेशन (डब्लूएसएफ) की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने दुनिया भर से खिलाड़ी शुक्रवार को रोहनिया के सनबीम डालिम्स स्कूल पहुंचे जहां शनिवार और रविवार को यह प्रतियोगिता होनी है। ये खिलाड़ी लांग लिफ्ट और कार होल्ड समेत सात अलग-अलग इवेंट में अपनी शारीरिक ताकत की नुमाइश करेंगे। विश्व विजेता को 20 हजार डालर का नगद इनाम मिलेगा।
शुक्रवार की दोपहर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे ये खिलाड़ी उपकरणों और अन्य तैयारियों से संतुष्ट नजर आए। यूके के वर्ल्ड चैंपियन ग्लेन रॉस ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि अगले दो दिन तक यहां बहुत कुछ ऐसा होने वाला है, जिसे भारत के लोगों ने कभी नहीं देखा होगा। रेफरी की भूमिका निभाने वाले रॉस ने कहा कि लांग लिफ्ट से विश्व कप का आगाज होगा जबकि कार होल्ड आखिरी इवेंट होगा, जिसमें दुनिया भर के धुरंधर अपने ताकत की नुमाइश करेंगे। चार बार वर्ल्ड स्ट्रांगेस्ट मैन का खिताब जीत चुके मैग्नस वेर मैग्नसन जो इस इस विश्व कप चैंपियनशिप के चीफ रेफरी हैं, ने माना कि दुनिया भर के महाबलियों के लिए ट्रक पर 150 से 200 किलोग्राम वजनी सामान उठाकर रखना सबसे कठिन मुकाबला होगा। धूप की तल्खी को ध्यान में रखते हुए देश दुनिया से यहां आए खिलाड़ियों के लिए वातानुकूलित ग्रीन रूम तैयार किया गया है। कुल 14 ग्रीन रूम बनाए गए हैं। केवल मुकाबले के वक्त ही खिलाड़ी एरिना में नजर आएंगे। वर्ल्ड कप में कुल सात इवेंट होंगे। इसके लिए दो एरिना तैयार किया गया है। गर्मी को देखते हुए टायर पलटने वाले इवेंट को हटा दिया गया है।
आम इंसान से कई गुना ताकतवर इन खिलाड़ियों की खुराक भी आम इंसान से कई गुना अधिक है। डब्लूएसएफ के अध्यक्ष प्रदीप बाबा मधोक बताते हैं, ये वो खिलाड़ी हैं जिन्हें रोजाना 500 से 600 ग्राम प्रोटीन की जरूरत है। आम इंसान को 70 ये 80 ग्राम प्रोटीन चाहिए होता है। अपनी प्रोटीन की जरूरत को वे अपनी खुराक से पूरी करते हैं। मसलन एक खिलाड़ी रोजाना पांच से छह किलोग्राम मटन का सेवन करता है। इसके अलावा लगभग 15 लीटर दूध, करीब 40 अंडे, चार प्लेट ग्रीन सलाद, चार प्लेट दाल भी इनकी खुराक में शामिल है।
प्रतिभागी खिलाड़ी सात अलग-अलग इवेंट में अपनी ताकत दिखाएंगे। ये इवेंट हैं कार उठाना, सिर पर 120 किलोग्राम भार लेकर चहलकदमी, 40 मीटर तक सिर पर 150 किलोग्राम वजन लेकर चहलकदमी, 40 मीटर तक ट्रक खींचना, 300 किलोग्राम वजनी टायर को बिना रुके आठ बार पलटना, ट्रक पर 120 से 200 किलो वजनी समान उठाकर रखना।