काशी के हेरिटेज जोन के संरक्षण और विकास में जापान सरकार हर संभव मदद करेगी। शुक्रवार को जापान के विदेश मंत्रालय में काशी और क्योटो समझौते को मजबूती देने के लिए हुई बैठक में यह वादा जापान सरकार के प्रतिनिधियों ने महापौर रामगोपाल मोहले से किया। उन्होंने कहा कि काशी के पक्का महाल और सारनाथ क्षेत्र की ऐतिहासिकता बरकरार रखते हुए यहां के विकास के लिए जो भी संभव होगा, हम करेंगे।
पांच दिवसीय जापान दौरे से शनिवार की शाम महापौर रामगोपाल मोहले भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे। महापौर ने फोन पर बताया कि जापान दौरा बेहद सफल रहा। काशी और क्योटो समझौते को इस दौरे से गति मिली है। जापान सरकार और क्योटो प्रशासन काशी के हेरिटेज जोन में पाथ वे, पेयजल, प्रकाश सहित सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं के विकास में आर्थिक और तकनीकी मदद देगा। साथ ही वे यहां के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के सभी स्थानों के संरक्षण में भी मदद देंगे। इसके अलावा शहर की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट समस्या भी जापान के सहयोग से जल्द सुलझाई जाएगी। विकास के लिए जारी इन कवायदों को अमली जामा पहनाने के लिए जल्द ही जापान सरकार के प्रतिनिधि काशी का दौरा करेंगे।