डीसीपी वरूणा जोन अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली निवासी सौरभ शरण के खिलाफ रणविजय सिंह की पत्नी शिल्पी देवी ने तीन दिसंबर को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था। शिल्पी का आरोप है कि सौरभ ने गलत तरीके से पति को सट्टा के दलदल में फंसाया। काफी रुपये सट्टे में हार जाने के बाद पति को प्रताड़ित करना शुरू किया। इस अवसाद में आकर पति ने दुकान के अंदर फंदे पर लटक जान दे दी।
पुलिस के अनुसार, लोहता समेत आसपास के क्षेत्रों में सौरभ ने कई लोगों को महादेव एप से जोड़ा है। साड़ी गद्दीदार और रियल इस्टेट में निवेश करने वाले समेत अन्य कई व्यापारियों के नाम सामने आए हैं। सौरभ के दो मोबाइल को कब्जे में लिया गया तो कई अनजान नंबरों की जानकारी हुई है। व्हाट्सएप कॉलिंग और चैट को भी फोरेंसिक टीम के जरिये रिकवर कराया जाएगा। लोहता थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि महादेव एप से जुड़े अन्य लोगों की भी तस्दीक कराई जा रही है।