अगले महीने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस दिन भगवान भोलेनाथ का दर्शन और पूजन करने बड़ी संख्या में लोग उज्जैन और झारखंड में देवघर तक जाते हैं। इसके लिए श्रद्धालु अभी से ही ट्रेनों में बुकिंग करवा रहे हैं, लेकिन स्थिति यह है कि महाशिवरात्रि तक उज्जैन जाने वाली प्रमुख ट्रेनें, जैसे महाकाल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में किसी भी श्रेणी में कोई जगह उपलब्ध नहीं है। देवघर जाने वाली ट्रेनों में भी यही स्थिति है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है।
महाशिवरात्रि पर कई लोग काशी विश्वनाथ का दर्शन और पूजन करने के साथ ही परिवार के साथ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर जाते हैं। इसी तरह देवघर में बाबा के धाम में भी भारी भीड़ रहती है। रेलवे की ओर से जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 20413 महाकाल एक्सप्रेस वाराणसी रेलवे स्टेशन से सप्ताह में मंगलवार और बृहस्पतिवार चलती है। 27 जनवरी से 16 फरवरी तक स्लीपर और एसी कोच में कोई जगह नहीं है। शिवरात्रि के बाद भी 17 मार्च तक किसी श्रेणी में सीट उपलब्ध नहीं है।