Azamgarh News: महाशिवरात्रि पर जिले के सभी शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। भवरनाथ मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड लगी रही।
आजमगढ़ जिले में महाशिवरात्रि पर रविवार को जिले भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने भगवान शिव का जल, दूध और गंगाजल से अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना किया।
विज्ञापन
शहर के प्राचीन भवरनाथ मंदिर में भोर के लगभग तीन बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिर परिसर में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। हाथों में पूजन सामग्री लिए भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई श्रद्धालु व्रत रखकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे थे।
बेर, भांग, धतूरा, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के बाहर मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही रौनक रही। प्रसाद, फूल-माला और शिवलिंग की छोटी प्रतिमाओं की खूब बिक्री हुई। बच्चों और महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे तो कुछ कांवड़ में जल भरकर अभिषेक करने आए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर दर्शन करने की अपील करते रहे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। भवरनाथ के अलावा अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी दिन भर भक्तों की आवाजाही बनी रही।