बनारस के सभी मदरसे अब ऑनलाइन होंगे। मदरसा शिक्षा परिषद के पोर्टल पर इन सभी मदरसों का ब्योरा अपडेट किया जाएगा। इससे न सिर्फ मदरसों में शिक्षा की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सकेगी बल्कि कई अनियमितताओं पर भी अंकुश लगेगा।
शिक्षकों के वेतन भुगतान से लेकर छात्रवृत्ति, मिड-डे मील आदि की निगरानी भी की जा सकेगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में मदरसा शिक्षा परिषद का पोर्टल madarsaboard.upsdc.gov.in का शुभारंभ किया गया।
जिले के सभी मदरसों को 15 सितंबर तक इस पोर्टल पर सभी सूचनाएं अपलोड कर देनी हैं। इसमें शिक्षक व कर्मचारियों की संख्या, बच्चों की संख्या, मदरसे की आधारभूत संरचना, कक्षाओं की संख्या आदि का ब्योरा देना होगा।
30 सितंबर तक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों द्वारा दी गई सूचनाओं का भौतिक सत्यापन कर रजिस्ट्रार को सूचनाएं भेजनी होंगी। जिले के सभी मान्यता प्राप्त और अनुदानित मदरसों को अपनी सूचनाएं इस पोर्टल पर देनी है।