मिर्जापुर के विंध्याचल में कोरोना काल में मां विंध्यवासिनी माता मंदिर, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर में रखे गए दान पात्रों से 12 लाख 76 हजार 550 रुपये प्राप्त हुए। यह अब तक का सबसे कम चढ़ावा है। प्रशासनिक भवन में अधिकारियों की निगरानी में गिनती के बाद विंध्य विकास परिषद अध्यक्ष/जिला अधिकारी के भारतीय स्टेट बैंक शाखा विंध्याचल के खाते में रुपये जमा कर दिए गए।
शारदीय नवरात्र मेले को देखते हुए मां विंध्यवासिनी मंदिर, काली खोह मंदिर एवं अष्टभुजा मंदिर में रखे दान पात्रों की खोलने की अनुमति जिलाधिकारी ने दी। राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 11 बजे दान पात्रों को खोला।
इसकी गणना शाम सात बजे तक हुई। नायब तहसीलदार उमेश चंद और श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी, मंत्री भानु पाठक की मौजूदगी में दान पात्रों के रुपयों की गिनती के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। आठों दानपात्रों से 12 लाख 76 हजार 550 रुपये निकले। इस मौके पर विंध्य विकास परिषद के सदस्य राज मिश्रा लेखपाल एवं अमीन उपस्थित थे।