रस्सी जलने के बाद शुभम छटपटाते हुए बाहर भागा और यह देख लोगों ने चोलापुर पुलिस को सूचना दी। 90 फीसदी झुलसे शुभम को पुलिस ने मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे शिवपुर भरलाई स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान सुबह सात बजे शुभम ने दम तोड़ दिया। मौत से आक्रोशित परिजनों ने शव लेने से इंकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शिवपुर थाना प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाया बुझाया।
मृतक की मां ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
मां किरन देवी का आरोप है कि चोलापुर पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। बेटे ने दम तोड़ा तब आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। चोलापुर थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रितिका यादव, पिता रामअवतार यादव, मां राधिका देवी, चाचा रामअवध यादव, चाची वंदना, बहन नीतू यादव समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।