युवक पर लखनऊ में दर्ज है अपहरण का केस
- फोटो : google
लखनऊ से तीन दिन पहले युवती के साथ भागे एक युवक को मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की सुबह एक होटल से पकड़ लिया। युवती को उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया। युवक को लखनऊ पुलिस साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार युवती के परिवार वालों ने युवक के खिलाफ लखनऊ के आलमबाग थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
मुगलसराय पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह लखनऊ के आलमबाग थाने की पुलिस से सूचना मिली कि उनके क्षेत्र से एक युवती के अपहरण का आरोपी विनय जायसवाल मुगलसराय में कोतवाली इलाके में है।
इस पर पुलिस ने छापा मारकर युवक और युवती को होटल के कमरे से बरामद कर लिया। आरोपी विनय जायसवाल ने बताया कि वह सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा है। वह युवती से शादी करना चाहता है।
लेकिन परिवार वालों के मना करने पर वह युवती के साथ मुगलसराय चला आया और एक होटल में कमरा लेकर ठहर गया। उसने बताया कि शुक्रवार को वाराणसी में वह उससे शादी करने वाला था।