कछवा रोड क्षेत्र के बिहड़ा गांव में बरात निकलने से पहले दूल्हा एक किशोरी को लेकर फरार हो गया। मंगलवार को किशोरी के परिजनों ने युवक के दरवाजे पर किशोरी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसी तरह आसपास के लोगों ने समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराया।
मिर्जामुराद थाना अंतर्गत बिहड़ा निवासी युवक की शादी भदोही स्थित सरई गांव में तय थी। मंगलवार को बरात निकलनी थी, लेकिन दो दिन पूर्व रविवार को ही दूल्हा लापता हो गया। परिजन खोजबीन में जुटे थे कि अचानक दोपहर में चांदपुर निवासी कई महिलाएं और पुरुष युवक के दरवाजे पर पहुंचे और किशोरी को भगा ले जाने का आरोप लगाने लगाकर हंगामा करने लगे। किसी तरह गांव के लोगों ने माहौल को शांत कराया। उधर, शादी की पूरी तैयारी पर पानी फिर गया। दूल्हे के लापता होने की सूचना पिता ने दुल्हन पक्ष के लोगों को दी। मिर्जामुराद पुलिस के अनुसार किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है।