वाराणसी। आंधी के चलते मंगलवार की भोर और शाम को बिजली संकट गहरा गया। कई इलाकों में जलापूर्ति भी प्रभावित हो गई। आंधी के चलते लोगों को काफी परेशानी हुई। महिलाओं के साथ साथ रोजेदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह तेज हवाओं के झोकों के चलते एहतियातन सभी पारेषण एवं वितरण उपकेंद्रों को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया था। इससे जलापूर्ति भी बाधित हुई।
वहीं दोपहर में करीब एक बजे काशी विद्यापीठ उपकेंद्र के स्विच यार्ड में आंधी से एक बड़ा पेड़ गिर गया। इससे सिगरा वन व सिगरा टू के 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन में हो गई। इससे नगर निगम एवं काशी विद्यापीठ उपकेंद्र से जुड़े इलाकों की बिजली गुल हो गई। पेड़ को कटवा कर हटाने के बाद अपराह्न करीब चार बजे आपूर्ति बहाल की गयी। वहीं, शाम को करीब छह बजे भी आई आंधी के चलते एक बार फिर सभी वितरण व पारेषण उपकेंद्रों से आपूर्ति बंद कर दी गई। आपूर्ति बहाल होने लगी तो पन्नालाल पार्क से जुड़े इलाकों की बिजली बंद ही रही। बताया गया कि सदर बाजार व कैंटोमेंट क्षेत्र में पेड़ गिरने से 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन में हैं। एसडीओ इंद्रेश राय ने बताया कि संकुल उपकेंद्र से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। कोटवां, भवानीपुर, मच्छोदरी आदि इलाकों में भी पेड़ गिरने से घंटों आपूर्ति ठप रही।
मछोदरी फीडर आज ढाई घंटे रहेगा बंद
अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने बताया कि तारों को हटाने के लिए बुधवार को लेढ़ुपुर उपकेंद्र के मछोदरी फीडर की आपूर्ति दिन में ढाई घंटे तक प्रभावित रहेगी। दिन में 12:00 से 2:30 दीनापुर, राजमंदिर, कोनिया, गायघाट आदि इलाकों में आपूर्ति बंद रहेगी।