पिन्डारी में मुसलमान ने दिया सौहार्द की मिशाल
- फोटो : अमर उजाला
शादी के बाद लोग इसे अलग-अलग तरीके से जीवन का सबसे बेहतरीन पल बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन एक शख्स ने शादी के कार्ड के जरिए ऐसी मिसाल की है जिसकी काफी चर्चाएं हैं।
बलिया जिले के पिंडारी गांव में सौहार्द की मिसाल देखने को मिली है। एक मुस्लिम परिवार के वैवाहिक निमंत्रण पत्र पर हिंदुओं के प्रथम पूज्य देवता गणेश को स्थान दिया है।
पिंडारी गांव निवासी सिराजुद्दीन पुत्र मुर्तुजा की 23 मार्च को निकाह होना सुनिश्चित है। लेकिन आपसी सौहार्द और प्यार का ही प्रभाव है कि प्रीतभोज के निमंत्रण पत्र पर उन्होंने श्री गणेशाय नम: लिखवाया है।
इतना ही नहीं निमंत्रण पत्र पर नारियल युक्त कलश पर स्वास्तिक का चित्र भी बना है। खास बात यह है कि मंगलम् भगवान विष्णु: मंगलम गरुड़ध्वज:, मंगलम् पुंडरीकांक्ष मंगलाय तनो हरि...भी लिखा गया है।
इस बाबत पूछे जाने पर मुर्तुजा मियां के भतीजे मुहम्मद कियामुद्दीन ने बताया कि हम लोग हिन्दु-मुस्लिम मिलकर सभी शादी समारोह एक साथ मनाते हैं। हमलोगों ने करीब सात सौ कार्ड वितरित किए हैं।
चूंकि गांव में हिंदुओं की संख्या ज्यादा है इसलिए ऐसा कार्ड उनका हमलोगों से रिश्ता और मजबूत करता है।