सेवापुरी (वाराणसी)। जंसा थाना के भड़ाव गांव में मंगलवार की रात असलहे के बल पर शिक्षक के घर से नकदी और हजारों रुपये मूल्य के जेवरात कच्छा-बनियान पहने बदमाशों ने लूट लिया। सूचना पाकर पुलिस जांच में जुटी है। जंसा क्षेत्र में ताबड़तोड़ चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं से लोग भयभीत हैं। इसके साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भड़ाव गांव निवासी राजेश पटेल बहराइच में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार की रात छत के रास्ते बदमाश उनके घर में प्रवेश किए। राजेश की पत्नी सुषमा देवी के अनुसार तीन लोग कच्छा-बनियान पहने हुए आए और उन पर चादर डाल कर पिस्टल जैसा कुछ सटा दिए। इसके बाद आलमारी की चाबी मांग कर 20 हजार रुपये, लॉकेट, बिछिया और एक जोड़ी पायल के साथ ही गले का मंगलसूत्र व झाली को झपट्टा मारकर छीन लिया। सुषमा के अनुसार बदमाशों की बोली अजीब तरीके की थी। बदमाशों ने घर के अन्य कमरों में सो रहे लोगों के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था। इसके साथ ही घर के चौतरफा और आंगन में बदमाशों ने ईंट रखी थी। बदमाशों के जाते ही शोर मचाने पर ग्रामीण घेरेबंदी कर कुछ दूर तक उनका पीछा किए, लेकिन बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर सभी भाग निकले।
इनसेट--------------
दिनदहाड़े लूट के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
सेवापुरी। जंसा थाना के महंगीपुर में घर में घुस कर असलहे के बल पर दिनदहाड़े महिला से लूट के मामले में तीन बाद भी बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। दूध कारोबारी रामसेवक पटेल के घर बीते रविवार को बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और उनकी पत्नी सुशीला से कहा कि आप के पति भेजे हैं। बच्चों का खाता खोलना है। यदि आप 10 हजार रुपये से खाता खुलवाएंगी तो बच्चे के खाते में तीन लाख रुपये आएंगे। 10 हजार रुपये देने पर बदमाशों ने कहा कि दूसरे बच्चे का खाता खोलने के लिए दो हजार रुपये और दे दें तो उसके खाते में भी तीन लाख रुपये आ जाएंगे। इस बात पर सुषमा जैसे ही आलमारी खोलने गई, बदमाशों ने धक्का मार कर एक लाख तीस हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों असलहा लहराते हुए भाग निकले थे। इस मामले में लगातार पूछताछ और दबिश के हाथ भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी।