वाराणसी। गांधी नगर कॉलोनी में सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने असलहे दिखा कर भाजपा नेता की बेटी की सोने की चेन और पर्स लूट ली। वारदात की सूचना पाकर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। पीडि़ता की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस तफ्तीश कर रही हैं।
सिगरा थाना अंतर्गत गांधीनगर निवासी भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व महानगर अध्यक्ष अशोक कोहली की बेटी सारिका कोहली शाम के समय सोनिया स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेकर घर जा रही थी। वह घर के समीप पहुंची थी कि घात लगा कर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने असलहा दिखाकर सारिका की सोने की चेन और उनका पर्स छीन लिया। सारिका जब तक शोर मचाती तब तक बदमाश तेजी से भाग निकले थे। क्षेत्राधिकारी चेतगंज अनिल कुमार और सिगरा इंस्पेक्टर एके ओझा भाजपा नेता के घर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी लिए। सारिका के अनुसार चेन की कीमत लगभग 50 हजार रुपये थी और पर्स में सात हजार रुपये थे। इंस्पेक्टर सिगरा ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।