फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LS Polls: नई दुल्हन और गर्भवतियों ने भी डाला वोट, बीमार विधायक ने किया मतदान; यहां देखें दिन भर की झलकियां

Sat, 01 Jun 2024 09:39 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

Lok Sabha Election: वाराणसी में शनिवार को धूप और उमस के बीच वोटरों में काफी उत्साह दिखा, इसमें महिलाएं एवं युवतियां भी शामिल रहीं। गर्भवतियों के साथ नई-नवेली दुल्हनें भी अपने मत का प्रयोग करने पहुंचीं। वहीं, सेवापुरी के विधायक नील रतन पटेल ‘नीलू’ एक साल बाद अपने गांव पहुंचे और मतदान किया। वे काफी दिनों से गंभीर रुप से बीमार हैं।
विज्ञापन
नई दुल्हन और इन महिलाओं ने भी डाला वोट। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सेवापुरी विधायक नील रतन पटेल शनिवार को मतदान करने एंबुलेंस से अपने गांव शाहंशाहपुर पहुंचे। वह एंबुलेंस में ही जीवन रक्षक उपकरण के सहारे लेटे रहे। उनका मत उनकी बेटी अदिति ने बूथ कंपार्टमेंट में जाकर दिया। शाहंशाहपुर निवासी नील रतन पटेल पिछले वर्ष से गंभीर रूप से बीमार हैं। लखनऊ में उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन




पिछले दिनों पहले लखनऊ से वाराणसी आए थे और अपने कैंप कार्यालय रखौना राजातालाब में रुके हुए थे। गांव आने की सूचना पर समर्थक और ग्रामीणों ने मुलाकात की। 
विज्ञापन


लिस्ट से नाम गायब, निराश लौटे वोटर
मतदान केंद्र पर अपना वोटर आईडी लेकर पहुंचे, मगर लिस्ट में नाम नहीं होने से उन्हें निराशा हाथ लगी। बीएलओ ने बताया कि हर केंद्र पर 100 से अधिक ऐसे लोग मिले, जिनके नाम लिस्ट में नहीं थे। सबसे ज्यादा पुराने मतदाता इनमें थे, जिनकी उम्र 40 पार थी। हालांकि, नये मतदाताओं का भी नाम कटा था। केंद्रों पर कर्मचारियों से उनकी बहस भी होती रही। हर केंद्र पर ऐसी शिकायतें आईं।

बड़ी बाजार की जीनत परवीन, रेहाना का नाम कट गया था। वह मतदान केंद्र पर पहुंची तो लिस्ट में नाम नहीं था। ऐसे ही युवा मतदाता हेलाल अहमद का नाम भी नहीं था। बताया कि पिछली बार मतदान किया था, मगर इस बार लिस्ट में नाम ही नहीं है। मौके पर मौजूद लोगों से शिकायत भी की, लेकिन कुछ नहीं हुआ।

नई नवेली बहू ने सास के साथ पहली बार दिया वोट

अराजीलाइन ब्लाक के माडल बूथ ढोढ़रपुर में नई नवेली बहू ने अपनी सास के साथ पहली बार मतदान किया। ढढोरपुर की रहने वाली नीलम पांडेय अपनी बहू अर्पणा के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचीं। पहली बार ससुराल में वोट देने पहुंची अर्पणा ने बताया कि वह पहली बार मतदाता बनी हैं और उसे ससुराल में पहली बार वोट देने का अधिकार और मौका मिला। अपर्णा की शादी पिछले साल ढढोरपुर में हुई थी, जिसके बाद वह यहां पर खुद पहल करके मतदाता बनी। 

जप-तप छोड़ बूथों पर पहुंचे साधु-संत

जप-तप, अनुष्ठान में हमेशा लीन रहने वाले साधु-संतों ने रविवार को लोकतंत्र के महापर्व में अपने हक को अदा करना नहीं भूले। उनमें भी उत्साह और उल्लास देखते बना। बूथों पर वह भी लाइन में नजर आए। उनके उत्साह को देख आम मतदाता चकित थे।

शहर के विभिन्न बूथों पर साधु-संतों ने भी मतदान किया। मठों, मंदिरों और आश्रमों में रहने वाले साधु-संतों और बटुकों ने भोर में ही स्नान, ध्यान व पूजन अर्चन कर मतदान के लिए निकल पड़े। उन्होंने अपने पास के बूथों पर पहुंचे और मतदान कर अपने को आनंदित की अनुभूति की।



उन्होंने कहा कि मतदान से ही देश की दशा व दिशा बदलती है। इसलिए हमारा भी मतदान करना अधिकार है। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी, पातालपुरी मठ के महंत बालकदास महाराज, कालभैरव मंदिर के पुजारी हनुमान दास, कबीर प्राकट्य स्थल के महंत गोविंद दास, धर्मसंघ शिक्षा मंडल के पं. जगजीतन पांडेय, श्रीराम तारका आंध्रा आश्रम के वीवी सुंदरम, वीवीबी सुब्रमण्यम आदि साधु-संतों ने अपने केंद्रों पर मतदान किया।

शहर उत्तरी विधानसभा में 54.55 प्रतिशत वोटिंग

शहर उत्तरी विधानसभा में 4.95 प्रतिशत प्रति घंटे वोटिंग हुई। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला। कुल 54.55 प्रतिशत वोट पड़े। पिछले दो चुनावों पर नजर डालेें तो दोनों बार से कम मतदान इस बार हुआ है। 2014 में यहां 55.33 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। 2019 में 54.71 प्रतिशत वोट पड़े। इस बार शाम 6 बजे तक 54.55 प्रतिशत हुई। यह वैश्य बाहुल्य इलाका है। इसका प्रतिनिधित्व राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल करते हैं। मुस्लिम इलाकों में लाइन लगाकर वोट दिया गया।

मतदान कर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार की सुबह छावनी क्षेत्र स्थित मॉडल प्राइमरी स्कूल में मतदान किया। इसके बाद वह जिले के मतदान केंद्रों के निरीक्षण के लिए निकले। पुलिस आयुक्त ने नदेसर से लेकर शहर भर में और जिले के ग्रामीण इलाकों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चेक की। गर्मी को देखते हुए पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने मतदाताओं से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी लिया। 

इंडी गठबंधन प्रत्याशी के समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ता को रोका, हंगामा

चंदौली लोकसभा के शिवपुर विधानसभा के चुमकुनी स्थित जय जवान जय किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय बूथ पर इंडी गठबंधन और भाजपा समर्थकों के बीच नोकझोंक हो गई। इंडी गठबंधन प्रत्याशी के एजेंट ने भाजपा कार्यकर्ता को वोट डालने से रोक दिया। इस पर नोकझोंक और हंगामा हुआ। दोनों पक्ष लाठी लेकर मारपीट पर उतारू हो गए। एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंचे और दोनों को हटाया। पुलिसकर्मियों के बीच शाम तक मतदान शांतिपूर्वक कराया। 

शिंकजी के साथ सेल्फी प्वाइंट पर यादों को संजोया

मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए न्यू इंडियन क्लब की ओर से खास पहल की गई थी। दक्षिणी विधानसभा के चेतगंज क्षेत्र में मंशाराम फाटक पर स्टाॅल लगाकर मतदाताओं को शिकंजी पिलाई गई। शिंकजी के स्वाद के साथ ही लोगों ने सेल्फी प्वांइट पर यादों को संजोया। क्लब के वरिष्ठ सदस्य अनूप जायसवाल की अगुवाई में मंशाराम फाटक क्षेत्र में शिकंजी का स्टाल लगाया गया। 

दो होमगार्ड और कांस्टेबल को ले जाया गया अस्पताल

पंचायत भवन, मंडुवाडीह पर चुनाव ड्यूटी में लगे रायबरेली के सलोनी के होमगार्ड धर्मेश कुमार वर्मा और हापुड़ के कांस्टेबल अमित कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई। आनन-फानन में दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इसी तरह से नुवाव प्राथमिक विद्यालय संख्या-345 पर सुरक्षा में तैनात होमगार्ड अरशद अहमद की तबीयत अचानक शनिवार की दोपहर खराब हो गई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेक्टर मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अरशद अहमद का बीपी बढ़ने से तबीयत खराब हुई है। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भाजपा के एजेंट को धमकाने का आरोप
सेवापुरी विधानसभा के ग्राम पंचायत अर्जुनपुर के बूथ संख्या-92 पर कांग्रेस समर्थक भीषमपुर गांव के लोग पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने भाजपा एजेंट के चुनावी प्रपत्र को फाड़कर उसे धमकाया। भाजपा एजेंट की शिकायत पर पुलिस पहुंची। जेसीपी डॉ. के एजिलरसन ने एसीपी राजातालाब को निर्देशित किया कि एक गांव के लोग दूसरे गांव में न जाएं। इसके साथ ही पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरते। संवाद

मतदाता सूची से दर्जनों नाम गायब, मायूस लौटे मतदाता
चिरईगांव। तोफापुर बूथ संख्या 185 और 186 से कई मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में नहीं था। तोफापुर निवासी राधेश्याम प्रजापति, सियाराम यादव, रामजी यादव, अनर्जित यादव और शहीद रमेश यादव के परिजनों सहित अन्य लोग मतदाता पर्ची लेने पहुंचे तो पता चला कि उनका नाम ही नहीं है। 

उनका कहना था कि मतदाता सूची में नाम गायब होना बीएलओ की लापरवाही है। इस बाबत बूथ संख्या 186 पर तैनात बीएलओ कुसुम का कहना है कि कुछ लोगों का नाम विलोपित हुआ है। वहीं, बूथ संख्या 185 पर तैनात बीएलओ स्नेहलता मौके पर नहीं मिलीं। उपजिलाधिकारी सदर सार्थक अग्रवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं का नाम सूची से गायब है, यह गंभीर मामला है। इसकी जांच कराई जाएगी। 

मां को मुखाग्नि दी थी, पहुंचे मतदान करने
अधिवक्ता सियाराम यादव की मां दुखना देवी (80) की मौत बीते 28 मई को हुई थी। सियाराम यादव ने अपनी मां को मुखाग्नि दी थी। शनिवार को सियाराम यादव मतदान करने पहुंचे। उन्होंने कहा लोकतंत्र का पर्व है। देश के लिए मैंने मतदान किया। 

शिकायत पर सिपाही को हटाया गया
चौबेपुर। छित्तमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में ड्यूटी के लिए आए कांस्टेबल सुमित यादव पर सपा के पक्ष में वोट डलवाने का आरोप लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर सिपाही धक्का-मुक्की पर उतारू हो गया। 

भाजपा कार्यकर्ताओं की सूचना पर एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अनजान त्रिपाठी और चौबेपुर थानाध्यक्ष विद्या शंकर शुक्ला मौके पर पहुंचे। एसीपी सारनाथ ने सिपाही को बूथ संख्या 320 और 321 से हटा दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।

भाजपा जिलाध्यक्ष के पहुंचने पर विपक्षियों ने किया हंगामा
मतदान केंद्र पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेटावर में बूथ संख्या 373 और 374 पर मतदान चल रहा था। दोपहर के समय भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा पहुंचे। विपक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि जो पर्ची लेकर आ रहे हैं, उस पर भाजपा का सिंबल है। 

इस पर सभी हंगामा करने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो को संज्ञान लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट भीमसेन मौके पर पहुंचे और उन्होंने पर्ची देखी तो उस पर किसी पार्टी का सिंबल नहीं था। इस पर उन्होंने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया।

वहीं, गांव के अजीत कुमार यादव, दीना यादव सहित अन्य ने कहा कि जो पर्ची दी जा रही थी। उस पर भाजपा का सिंबल लगा था। उसी का हम लोगों ने विरोध किया। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना था कि मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद कुछ लोग मतदान नहीं करने दे रहे थे। 

हमारे पहुंचने पर वही लोग हंगामा करते हुए गलत आरोप लगाने लगे। उधर, भिखारीपुर स्थित मतदान केंद्र पर भी भाजपा जिलाध्यक्ष पर मतदाताओं पर दबाव बनाने का आरोप लगाकर सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप करने पर भाजपा जिलाध्यक्ष को मौके से जाना पड़ा। 

चार नन्हें-मुन्ने पहुंचे बूथ पर, बोले- वोट डालना है
लोहता के बनकट स्थित बूथ पर चार नन्हें-मुन्ने घूमते हुए पहुंचे। चारों हाथ में एक पर्ची पर अपना नाम लिखे हुए थे। पर्ची के पीछे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिख रखा था। चारों का कहना था कि उन्हें भी वोट डालना है। उनकी बातें सुनकर बूथ पर तैनात सुरक्षाकर्मी हंसने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने बच्चों को समझाया कि जब 18 साल के हो जाना, तब वोट डालना। सुरक्षाकर्मियों की बात मानने के लिए चारों बच्चे तैयार ही नहीं थे। सुरक्षाकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद चारों बच्चे बूथ से बाहर हुए और अपने घर गए। 

पहले मतदान, बाद में जलपान, फिर किया रक्तदान, कैंसर अस्पताल में मरीजों के लिए आगे आए युवा

रक्तदान के दौरान मौजूद टीम और रक्तदाता। - फोटो : अमर उजाला

लोकतंत्र के महापर्व के आखिरी चरण में काशी के युवाओं ने अलग संदेश दिया है। युवाओं की अलग-अलग टीमों ने अस्पताल पहुंचकर कैंसर मरीजों के लिए रक्तदान किया। पहले मतदान, बाद में जलपान, फिर रक्तदान के संदेश के साथ ही युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सेवा में लगे रहने का संकल्प लिया।

बनारसी इश्क फाउंडेशन और काशी रक्तदान-नेत्रदान कुटुंब की ओर से महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान सुंदरपुर स्थित ब्लड बैंक में पहुंचकर युवाओं ने रक्तदान किया। युवाओं ने इस महाअभियान में बढ़चढ़कर भागीदारी की। सदस्यों ने पहले अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। 

इसके बाद घर पर जलपान करने के बाद अस्पताल आ गए। यहां सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान संस्था के संस्थापक रोहित कुमार साहनी, वेद प्रकाश गुप्ता, अंकिता सिंह, अरुधंती जायसवाल, जयंत अग्रवाल, अनूप गुप्ता आदि मौजूद रहे।

दो जगहों पर ईवीएम खराब, रुका मतदान

रोहनिया विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय भरथरा के बूथ संख्या 55 की ईवीएम में तकनीकी खराबी आई। जिसी वजह से 40 मिनट तक मतदान रुका रहा। दूसरी ओर विधानसभा शिवपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बेदौली में बूथ संख्या 57 पर सुबह 7.30 से 9 बजे तक ईवीएम में खराबी रही। इस बीच बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। वहीं, कोटवा में मतदान काफी धीमी गति से हुआ। दोनों जगह पर शाम सात बजे मतदान खत्म हुआ। 
विज्ञापन

मुंशी प्रेमचंद के गांव लमही ने भी दिखाई वोट की ताकत

कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की कहानियों के किरदार देश के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देते रहे हैं। शनिवार को लोकसभा चुनाव में उनका गांव लमही लोकतंत्र को बचाने में पीछे नहीं रहा। 85 वर्षीया मुनरा देवी, 110 वर्षीया बिटुना देवी भी अपने मत का प्रयोग करने के लिए घर से बाहर निकलीं तो वहीं 18 वर्षीय खुशी रमन ने पहली बार वोट किया।

विशाल भारत संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रामपंथ के पंथाचार्य डॉ. राजीव श्रीगुरु ने आह्वान किया था कि लमही गांव के वासी सुभाष मंदिर से मुंशी प्रेमचंद जन्मस्थली होते हुए मतदान करने जाएंगे। महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके साथ लमही की प्राथमिक पाठशाला में बूथ पर जाकर मतदान किया। 

विशाल भारत संस्थान ने लमही, लल्लापुरा, बजरडीहा, सरैयां, तेलियाबाग में मतदाताओं की सुविधा के लिए शिविर लगाया था। विशाल भारत संस्थान की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अर्चना भारतवंशी ने मुस्लिम क्षेत्रों में मुस्लिम महिलाओं को बूथ तक पहुंचने की प्रेरणा दी। हनुमान चालीसा फेम नाजनीन अंसारी ने सरैया में मोर्चा संभाला। घर–घर से मुस्लिम महिलाओं को वोट देने के लिए निकाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें