अमर उजाला, अमर उजाला फाउंडेशन, अपराजिता:100 मिलियन स्माइल्स और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल पर अस्सी से दशाश्वमेध तक हजारों हाथ एक-दूसरे से जुड़ेंगे। देश में अपने मन की सरकार चुनने का मौका पांच साल में एक बार आता है। जाहिर है कि हर कोई इसमें अपनी भूमिका को महत्वपूर्ण मान रहा है। इसके लिए तमाम संगठनों ने शहर में इसके लिए प्रचार भी किया।
अभियान से जुड़े शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों ने इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। बीएचयू, काशी विद्यापीठ, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, सतुआ बाबा आश्रम, पातालपुरी मठ, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, संत निरंकारी मंडल, द स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, वाराणसी व्यापार मंडल, दशाश्वमेध व्यापार मंडल, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की वाराणसी शाखा, नमामि गंगे सहित शहर के कई सामाजिक संगठन, क्लब और धार्मिक संगठन भी मतदाता जागरूकता के अभियान में सहभागिता करेंगे।
इस दिन मानव शृंखला के आयोजन के साथ ही काशी के धर्म, कला, संस्कृति और पर्यटन की अनूठी झलक गंगा तटों पर साकार होगी। अस्सी से दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजनों के साथ ही नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, गीत-संगीत, एडवेंचर स्पोर्ट्स के अलावा धार्मिक आयोजन भी होंगे।