वाराणसी संसदीय क्षेत्र में नरेंद्र, अजय और शालिनी नाम के 5500 वोटरों ने डाले वोट
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी संसदीय क्षेत्र के चुनावी मैदान में तीन प्रमुख दलों भाजपा, कांग्रेस और सपा-बसपा गठबंधन के नरेंद्र मोदी, अजय राय और शालिनी यादव प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। अजय और शालिनी ने रविवार को संसदीय क्षेत्र के दक्षिणी और कैंट विधानसभा क्षेत्र में वोट डाले। दूसरी ओर इन तीनों उम्मीदवारों की नामराशि के ही साढ़े पांच हजार मतदाताओं ने अलग-अलग मतदान किया।
मिली जानकारी के मुताबिक 1800 नरेंद्र, 2500 अजय और 1200 शालिनी नाम वाले मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया गया। निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी मतदाता सूची से इन नाम वाले मतदाताओं का पहचान पत्र देखने और चुनावी दस्तावेजों से मिलान करने के बाद ही उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश करने दिया गया।
संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं में 18.54 लाख से ज्यादा वोटर हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में हर चौथे-पांचवें पन्ने पर कहीं नरेंद्र तो कहीं अजय तो कहीं शालिनी नाम के मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
सेवापुरी के कचनार में मतदाताओं की लाइन में दो नरेंद्र, तीन अजय और दो शालिनी नाम की मतदाता वोट देने के लिए बारी का इंतजार कर रही थीं। कालीमहाल में लाइन में पांच अजय खड़े थे। पर्ची मिलान करने वाले एजेंट और मतदान कर्मियों ने बताया कि अजय, नरेंद्र और शालिनी नाम के कई वोटर आए।