वाराणसी। यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के दूसरे दिन बुधवार को भी मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों की संख्या कम ही रही। इसमे सोशल डिस्टेंसिंग को देखते हुए कई केंद्रों पर तो कमरे में चार से पांच परीक्षक ही कॉपी जांचते नजर आए।
जिले में राजकीय क्वीन्स कॉलेज समेत चार केंद्रों पर कॉपियां जांची जा रही हैं। कोरोना संक्रमण के डर की वजह से केंद्रों पर परीक्षक भी कम ही जा रहे हैं। जबकि शिक्षा विभाग की ओर से हर केंद्र पर मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई है। महिला परीक्षक भी कम ही जा रही हैं। जिस वजह से कॉपियों के मूल्यांकन में देरी की भी संभावना भी जताई जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि यातायात संबंधी समस्या की वजह से ही थोड़ी संख्या कम रह रही है। मंगलवार की तुलना में कुछ परीक्षकों की संख्या में इजाफा भी हुआ। प्रधानाचार्य से मूल्यांकन के लिए निर्धारित परीक्षकों को भेजे जाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि 15 दिन के भीतर मूल्यांकन कार्य को खत्म करा दिया जाएगा।