आज-कल मिनी लॉकडाउन, मिलेगा केवल दूध, फल, सब्जी और दवा
बिना काम के बाहर आने वाले होंगे पेड क्वारंटीन, पुलिस भी करेगी पूरी सख्ती
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। नए नियमों के तहत पांच दिन बाजार खुलने के बाद शनिवार और रविवार को मिनी लॉकडाउन रहेगा। बिना काम के घर से बाहर आने वाले लोगों को पेड क्वारंटीन किया जाएगा। अब दो दिन केवल दूध, फल, सब्जी और दवा ही मिलेगी। तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पिछले सप्ताह से वाराणसी में नई व्यवस्था लागू की गई है। मिनी लॉकडाउन में वाराणसी में सुबह सात से 10 के बीच में दूध व फल सब्जी की दुकान का खोली जाएगी। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे के बीच दवाइयों की दुकान खुलेंगी। यदि दवा की दुकान किसी हॉस्पिटल में अथवा नर्सिंग होम में होगी तो ऐसी दुकान 24 घंटे खुली रह सकती है। पेट्रोल पंप शहर में केवल सुबह सात से दो बजे तक खुलेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिबंध नहीं होगा।
शाम पांच बजे से होगा कर्फ्यू जैसा माहौल
शाम 5 बजे से सभी का आवागमन और घर से बाहर निकलना प्रतिबंधित होगा। शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक कोई घर से बाहर नहीं निकलेगा। ये प्रतिबंध शहर और गांव दोनों जगह लागू होंगे। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट के यात्री टिकट या प्रिंट दिखाकर आवागमन कर सकते हैं। मेडिकल इमरजेंसी वाले व्यक्ति अस्पताल जा सकते हैं। प्रेस, मीडिया, समाचार पत्र प्रतिबंध से मुक्त होंगे।
साप्ताहिक बंदी में चलेगा स्वच्छता अभियान
शनिवार और रविवार को बंदी के दौरान स्वच्छता व सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलेगा। औद्योगिक इकाइयां भी शनिवार-रविवार को सैनिटाइजेशन करेंगी। स्वास्थ्य विभाग का डोर टू डोर कोरोना अभियान और डेंगू बचाव अभियान जारी रहेगा।
दो दिन प्रतिबंध के तहत केवल दूध, सब्जी और फल और दवा निर्धारित समय पर मिलेगी। बिना काम घर से बाहर आने वालों को पेड क्वारंटीन किया जाएगा। कौशलराज शर्मा, जिलाधिकारी