बिजली पर्याप्त न मिलने की वजह से पानी का संकट खड़ा हो गया हैै। बिजली निगम तो 24 घंटे आपूर्ति का दावा करता है लेकिन इस समय विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। सारनाथ के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना तीन से चार घंटे की बिजली कटौती हो रही है। शनिवार को यहां साथवा फीडर और पुरनपट्टी फीडर से ट्रिपिंग की समस्या रही।
पांडेयपुर सहित वरुणापार के क्षेत्र में कई काॅलोनियों में शुक्रवार की रात और दिन में बिजली का आना जाना लगा रहा। आयर सब स्टेशन से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति 11 हजार वोल्टेज का तार टूटने से बाधित रही। शिवपुर क्षेत्र में भी शनिवार को बिजली की आवाजाही जारी रही। मंडुवाडीह क्षेत्र में लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या रही। यहां शुक्रवार की रात तो 15 मिनट तक डीपीएच से लोड अधिक होने की वजह से बिजली काटनी पड़ी थी।
नगर निगम उपकेंद्र पर शनिवार को 10 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर लगवाया गया। मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल ने बताया कि कई दिनों से उपभोक्ताओं की मांग को पूरा किया गया है। पावर ट्रांसफार्मर को रविवार को चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद सोनिया, सिगरा सहित नगर निगम के आसपास की कालोनियों में करीब चार हजार से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। बताया कि जरूरत के हिसाब से उपकेंद्रों पर ट्रांसफार्मर का भार बढ़वाने के साथ ही नया भी लगवाया जा रहा है।