वाहन चोरी, मारपीट जैसे छोटे अपराधों की विवेचना में पुलिस ढिलाई बरतती है। नतीजतन कई बार ऐसी घटनाएं शांति और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन जाती हैं। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब एसटीएफ हर जिले में विशेष प्रशिक्षित टीम तैयार करेगी। यह टीम बड़ी आपराधिक घटनाओें का तत्परता से खुलासा करने के साथ ही एसटीएफ के संपर्क में रहकर उसका सहयोग भी करेगी। यह निर्देश शनिवार को पुलिस लाइन में सूबे के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर दलजीत चौधरी ने दिया। कहा कि डीजीपी के फुट पेट्रोलिंग के निर्देश के मद्देनजर पुलिस अतिक्रमण और यातायात में अवरोधक बनने वाले कारणों पर गंभीरता से ध्यान देकर उनका समाधान कराए।
उन्होंने कहा कि वाराणसी जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता करने के लिए पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ एक डीएसपी तैनात किए जाएंगे। जो स्कैनर सहित अन्य संसाधनों से लैस होकर जेल के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। यह पायलट प्रोजेक्ट प्रदेश के पांच जिलों गोरखपुर, इलाहाबाद, आगरा, लखनऊ और मुजफ्फरनगर में लागू है। उन्होंने इस संबंध में डीएम और एसएसपी को प्रस्ताव भेजने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था से संबंधित लंबित मुद्दों के हल के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई जाए। यह टीम मौके पर जाकर लंबित मामलों का हल करे। जो भी आपराधिक घटनाएं हैं उनका खुलासा तत्काल किया जाए और जवाबदेही तय की जाए। इस दौरान आईजी जोन एसके भगत, डीआईजी रेंज डॉ. संजीव गुप्ता, एसएसपी आकाश कुलहरि सहित वाराणसी रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक और राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।
------
मुनीर की तलाश जारी, मुखबिरी के शक में मारी गोली
एनआईए अफसर तंजील अहमद की हत्या के संबंध में एडीजी एलओ ने कहा कि मुख्य आरोपी मुनीर की तलाश जारी है। अब तक सामने आए तथ्यों के अनुसार मुनीर को शक था कि तंजील उसकी मुखबिरी करते हैं और उसे गिरफ्तार करा देंगे। इसी खुन्नस में उसने वारदात को अंजाम दिया। टीमें लगी हुई हैं वह जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-----
गैंग के खिलाफ कार्ययोजना बना कर करेें कार्रवाई
एडीजी एलओ ने कहा कि बीकेडी, सुभाष यादव, धर्मेंद्र जैसे बदमाशों की गैंग के खिलाफ पुलिस प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करे। बदमाशों के शरणदाताओं के खिलाफ भी कार्रवाई हो। उन्होंने जौनपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताई और कहा कि पुलिस प्रत्येक मामले में कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेजे।