वाराणसी। आपसी प्रेम और भाईचारा की मिसाल इन दिनों होली मिलन के जरिए पेश की जा रही है। मंगलवार को जहां रामनगर में उद्योग बंधुओं ने गुलाल लगाकर होली मिलन मनाया, वहीं मारवाड़ी युवक संघ भवन में रेशमी तागा संघ के बैनर तले व्यापारियों ने राजस्थानी फाग गीतों की धुन पर जमकर मस्ती की।
उधर, सिगरा स्थित अस्मिता चाइल्ड लाइन में भी होली मिलन की मस्ती छाई रही।
लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ भवन में बरसाने की होरी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। वृंदावन से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत पेश किए। संदीप शर्मा कानू ने रंग बरस भीगे चुनरवाली की प्रस्तुति से रंग जमा दिया। इस मौके पर घनश्याम मूंदड़ा, अजय खेमका समेत तमाम लोग उपस्थित थे।
संचालन पवन कुमार अग्रवाल ने किया। औद्योगिक क्षेत्र रामनगर में यूपीएसआईडीसी के सभागार में आरके चौधरी की मौजूदगी में होली मिलन समारोह हुआ। दादरा, ठुमरी की प्रस्तुति पर लोग झूमते रहे। इस मौके पर जगदीश झुनझुनवाला, रतन सिंह, सिद्धार्थ जालान, विजय गुप्ता, शेषपाल गर्ग समेत तमाम व्यापारी उपस्थित थे।