हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में पूर्व विधायक रामजीत राजभर जिला स्तरीय बालिका सेवन ए साइड हॉकी प्रतियोगिता का खिताब गुरुवार को लाॅयन क्लब ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में राष्ट्रीय खिलाड़ी तनु यादव की हैट्रिक से लायन क्लब ने स्टार क्लब को 5-3 गोल से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में खेल के आठवें मिनट में स्टार क्लब की सत्या यादव सोनल ने पहला गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, तीन मिनट बाद ही लायन क्लब की जाह्नवी ने शानदार रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 16वें मिनट में स्टार क्लब की सृष्टि पटेल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई लेकिन लायन क्लब की तनु यादव ने दो मिनट बाद ही गोल कर स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। दूसरे हाफ में लायन क्लब ने आक्रामक रणनीति अपनाई।
तनु यादव ने पांचवें और 11वें मिनट में लगातार दो शानदार गोल दागकर टीम को 4-2 की मजबूत बढ़त दिला दी। 23वें मिनट में स्टार क्लब की अन्नू पाल ने सत्या यादव के माइनस पास पर गोल कर स्कोर 3-4 कर दिया। मैच समाप्त होने से चार मिनट पहले तनु यादव ने एक और शानदार गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम की जीत 5-3 से सुनिश्चित कर दी। बालक वर्ग का फाइनल शुक्रवार 22 मई को शाम चार बजे से रॉयल क्लब और पैंथर क्लब के बीच हगा। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।