फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 'अब कइसे लड़किन क बियाह होई', कह कर फफक पड़े लाइनमैन के पिता, करंट से हुई थी मौत; दो घंटे तक प्रदर्शन

Sun, 28 Jun 2026 01:52 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों और कर्मचारियों ने भदैनी उपकेंद्र पर शव रखकर करीब दो घंटे प्रदर्शन किया। परिजनों ने शटडाउन के दौरान बिजली आपूर्ति बहाल होने से हादसा होने का आरोप लगाया। मामले में विभाग ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
भरत लाल की मौत के बाद बिलखतीं घर की महिलाएं। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News: मिर्जामुराद के हरपुर गांव में हुई शनिवार की भोर ने सभी की नींदें उड़ा दीं। गांव निवासी भरत लाल की मौत से सभी आहत थे। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा छाया रहा। बेटे की मौत पर विलाप करते पिता कल्लू प्रसाद राजभर ने कहा कि जवान बेटा चल गईल, अब कइसे लड़किन क बियाह कैसे होई..और फफक पड़े। इन्हें देख वहां मौजूद माता किसुना देवी, पत्नी चंदा देवी समेत सभी के आंखों में आंसू आ गए। 

विज्ञापन


पिता कल्लू प्रसाद ने बताया कि वह गांव में ही सब्जी की दुकान लगाते हैं। उनके दो बेेटेे हैं। इनमें बड़ा बेटा शोभनाथ मजदूरी का काम करता है और पहले से ही अपना परिवार लेकर अलग रहता है। बाकी परिवार भरत लाल के साथ रहता है। भरत लाल संविदा पर लाइनमैन का काम करता था। उसकी पत्नी चंदा देवी गृहणी है। भरत की दो बेटियां नेहा (18) व आकांक्षा (16) हैं। दो बेटे हिमांशु (14) व शुभम (12) हैं। कल्लू प्रसाद ने बच्चियों की शादी की चिंता प्रकट की।

रोते-बिलखते परिजन व मृतक की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला
ये है पूरा मामला
भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी स्थित पावर हाउस पर तैनात संविदाकर्मी लाइनमैन भरत लाल राजभर (40) शनिवार की रात पांडेयघाट के पास मरम्मत के दौरान करंट की चपेट में आकर झुलस गया। सूचना मिलने पर पहुंचे साथी कर्मियों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने भदैनी उपकेंद्र पर शव रखकर करीब 2 घंटे तक प्रदर्शन किया। इस मामले में लापरवाही पर जेई नितेश कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा के रूप में दिए गए। इस साल ऐसी तीसरी घटना हुई है।

राजातालाब थाना क्षेत्र के भैरोनाथ हरपुर का रहने वाला भरत लाल राजभर (40) शनिवार रात 2 बजे पांडेय घाट के समीप बिजली बनाते समय करंट की चपेट में आने से झुलस गया। सूचना पर भरत लाल की पत्नी चंदा देवी, बहन संगीता, पिता कल्लू सहित अन्य परिजन व ग्रामीण पहुंचे। सभी ने आरोप लगाया कि रात 11 बजे पावर हाउस पहुंचने के बाद भरत को बिजली बनाने के लिए खंभे पर चढ़ा दिया गया। 

कर्मचारियों की लापरवाही के कारण बिजली चालू कर दी गई और भरत की जान चली गई। ग्रामीणों ने आश्रित को नौकरी और पेंशन देने की मांग की। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर भेलूपुर थाना प्रभारी सहित मौके पर भारी फाेर्स तैनात की गई। परिजनों की मांग थी कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। 

प्रदर्शन की सूचना पर भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। पुलिस की सूचना पर अधीक्षण अभियंता मौके पर पहुंचे और समझाकर लोगों को शांत कराया। 

इस बारे में अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इस मामले में भदैनी के जेई नितेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मृतक के परिजन के खाते में 10 लाख रुपये मुआवजे के तौर पर भेजे गए हैं। करीब 2 घंटे तक प्रदर्शन के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए राजातालाब चले गए। परिजनों के अनुसार भरत अपने परिवार में एक मात्र कमाने वाले सदस्य था। 

विद्युत मजदूर पंचायत के प्रयासों से मिला मुआवजा
विद्युत मजदूर पंचायत के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि दिवंगत संविदाकर्मी भरत के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने में संगठन ने प्रयास किया। संगठन ने सहयोग के तौर पर परिवार को 50 हजार रुपये की अर्थिक सहायता भी की।  संगठन के जिलाध्यक्ष विजय सिंह के नेतृत्व में पंचायत ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पूवीवीएनएल) के अधिकारियों से कई दौर की वार्ता की। संगठन ने मृतक के आश्रित परिवार को सहायता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।  
विज्ञापन

लाश के पास बिलखते परिजन। - फोटो : संवाद
करंट से हुईं प्रमुख घटनाएं
  • 1 फरवरी 2025 - लंका क्षेत्र के रश्मिनगर कॉलोनी में करंट लगने से लाइनमैन अनिल आजाद (40) झुलस गया।
  • 20 मई 2025 - पुलिस लाइन परिसर में संविदा लाइनमैन सरफराज शेख (21) की करंट लगने से मौत।
  • 21 सितंबर 2025 - सेंट जांस कालोनी मड़ौली में काम करने के दौरान संविदा लाइनमैन मनोज प्रजापति (40) की पोल से गिरकर मौत।
  • 13 मई 2026 - काशीराम आवास शिवपुर में दोपहर में फॉल्ट बनाने गए संविदा लाइनमैन रामजी सोनकर (55) करंट लगने से मौत।
  • 17 जून 2026 - भुल्लनपुर पीएससी के पास फाल्ट ठीक करते समय लाइनमैन नन्हकू पटेल झुलस गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें