वहीं, लोहता थाना के खेवशीपुर में बिजली गिरने से धान की निराई कर रहे विजय पटेल (51) की मौके पर ही मौत हो गई। लोहता थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि विजय के तीन पुत्र थे, जिसमें एक की मौत काफी पहले हो गई थी। दो पुत्र शुभम पटेल और धर्मेंद्र कुमार हैं। विजय की पत्नी उर्मिला देवी और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल था।
उधर, जंसा थाना के कुंडरिया गांव में बिजली गिरने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने मोर का शव कब्जे में लिया। वहीं, बारिश के दौरान पेडूका गांव में श्रृंगार यादव की भैंस की मौत हो गई और एक भैंस झुलस गई।
उधर, बिजली की चमक से सिवान में भेड़ चरा रहे चकपतेर निवासी मुन्नू पाल बेहोश होकर गिर गए। उन्हें परिवार के लोग स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। दलश्रृंगार यादव ने बताया कि जिस भैंस की मौत हुई, उसे एक सप्ताह पहले एक लाख पैंतीस हजार रुपये में खरीदा था।
साथियों ने कहा था घर चल चलो
बिजली गिरने से जान गंवाने वाले दिलीप और चंद्रिका के साथ दो दोस्त भी थे। बारिश शुरू हुई और बादल गरजने लगे तो दोनों ने दिलीप और चंद्रिका से घर चलने के लिए कहा। हालांकि दिलीप और चंद्रिका ने अपने दोस्तों की बात नहीं मानी। परिजन बार-बार यही कह रहे थे कि काश वह अपने दोस्तों की बात मान कर घर चले आते तो कुछ नहीं होता।
जंसा थाने में गिरी बिजली, कंप्यूटर और पंखे जले
बारिश के दौरान बिजली गिरने से जंसा थाने में कंप्यूटर, पंखा, स्विच बोर्ड सहित अन्य विद्युत उपकरण जल गए। संयोग अच्छा था कि कोई पुलिसकर्मी जद में नहीं आया। जंसा थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत उपकरण जल जाने से एफआईआर की कॉपी पीड़ितों को फिलहाल नहीं दे पाएंगे और थाने का ऑनलाइन कामकाज भी प्रभावित हो गया है। उच्च अधिकारियों को सूचना देकर उपकरणों की जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।
भदोही में बिजली गिरने से दो की मौत
भदोही जिले के हरदेवपुर-चकमांधाता गांव में बारिश के बीच तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से विनोद कुमार पांडेय (27) पुत्र रामाश्रय पांडेय गंभीर रूप से झुलस गया। उसे गोपीगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय विनोद घर के सामने पिता के साथ बैठा था, वह चार भाई, दो बहनों में तीसरे नंबर का था।
औराई थाना क्षेत्र के लक्ष्मणिया गांव में बिजली गिरने से मनीष सरोज (15) पुत्र हंसराज सरोज की मौत हो गई। मनीष खेत में बोई गई उर्द की फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए गया था। उसी समय तेज आवाज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर उसने मौके पर दम तोड़ दिया। मनीष पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।
जौनपुर में महिला समेत दो की गई जवान
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के चकईपुर गांव निवासी निवासी सुनील सरोज (28) शनिवार शाम धान के खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। परिजनों को घंटों बाद इसकी जानकारी तब हुई, जब देर रात तक सुनील घर नहीं लौटा। खोजबीन करते हुए जब वह खेत में पहुंचे तो वहां सुनील मृत हाल में पड़ा था। बिजली की लपट से शरीर झुलस गया था।
रविवार को गांव में पहुंचे एसडीएम संजय मिश्रा, नायब तहसीलदार संतोष कुमार ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मदद का भरोसा दिया। उधर मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ककराही गांव निवासी मुकेश सिंह की पत्नी मनीषा सिंह (32) रविवार को हल्की बारिश शुरू होने पर घर के बाहर कपड़ा उठाने गई। इसी दौरान बिजली गिरने से वह चपेट में आ गई। परिजन उसे तत्काल एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
मिर्जापुर में चार की मौत, दो झुलसे
मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव में बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें मड़िहान के पहिती गांव निवासी लक्ष्मीना पत्नी संजय, सुखनई जिहुलिया निवासी 70 वर्षीय मालती देवी नाहक, मलुआ निवासी 12 वर्षीय सोनम पुत्री सूर्यप्रकाश व 45 वर्षीय सुरसत्ती पत्नी राम किशोर की सोनरई के जंगल मे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। चुनार कोतवाली के बरगवां गांव के खैरटिया पूर्वा में 10 मवेशियों की भी मौत हो गई। दो किशोरियां झुलस गई।
चंदौली जिले के अलीनगर क्षेत्र स्थिति छोटू सराय में बिजली गिरने से राजन (18) की जान चली गई जबकि दो अन्य झुलस गए हैं।