बारिश ने धार्मिक आयोजनों पर भी असर डाला। रामनवमी के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस में बारिश ने खलल डाल दिया, जिससे आयोजन प्रभावित हुआ। हालांकि इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत जरूर मिली है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार को यह घटकर क्रमशः 34 और 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
वहीं, इस मौसम परिवर्तन का असर कृषि पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। तेज हवा और बारिश के कारण गेहूं समेत अन्य रबी की फसलों को नुकसान हो सकता है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
इस संबंध में राज्य कृषि एवं मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में मौसम सामान्य हो जाएगा और तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।