मानसून की पहली बारिश के दौरान सोमवार की दोपहर जिले के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और छह लोग झुलस गए। सभी घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजली गिरने से कुछ इलाकों के घरों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। बिजली की कड़क से लोग अपने घरों में दुबके नजर आए।
लंका थाना क्षेत्र के मलहिया में दोपहर में गंगा किनारे लोग मछली पकड़ रहे थे। बारिश होने लगी तो भाग कर पास की एक झोपड़ी में जा छिपे। इसी दौरान झोपड़ी पर बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर मलहिया के जयराम साहनी (59) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में मलहिया के ही चंद्रबली साहनी (48), लालचंद (15), सोहन (30), विपिन चौधरी (38) और संदीप (15) गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चंद्रबली की भी मौत हो गई जबकि बाकी की हालत गंभीर बनी हुई है। इसी तरह सरायमोहाना निवासी सुशील निषाद (19) आदिकेशव घाट पर नाव से गंगा में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान नाव पर बिजली गिरी और अनियंत्रित होकर सुशील गंगा में गिर कर डूब गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। इस दौरान प्रह्लाद घाट मुहल्ले में कई घरों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए।
आराजी लाइन के चंदापुर गांव में बिजली गिरने से जीरा देवी (45) और एक कुत्ते की मौत हो गई। वहीं जीरा की बेटी मुन्नी झुलस गई है। ये लोग बारिश से बचने के लिए गांव में एक पेड़ के नीचे खड़े थे। परिवार के लोगों ने मुन्नी को गांव स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया है। लोहता के घमहापुर में बिजली गिरने से दीपमाला नामक युवती का दायां पैर झुलस गया। उसने बताया कि वह टॉयलेट में थी तभी बिजली गिरी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बौलिया स्थित पोखरे में भी बिजली गिरी। इसके चलते पप्पू यादव, प्रमोद विश्वकर्मा, रामजी श्रीवास्तव, वेदप्रकाश, मुन्ना गुप्ता के घर के कई इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। सभी ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि काफी देर के लिए कुछ सुनाई देना ही बंद हो गया था। फुलवरिया में प्रमोद यादव के मकान पर बिजली गिरने से छत फट गई।