गांधी की न सही, जयप्रकाश नारायण की विरासत को बख्श दें: अजय राय
सर्वसेवा संघ को बचाने के लिए कांग्रेस ने सरकार से की अपील
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सर्वसेवा संघ भवन पर बुलडोजर चलवाना ठीक नहीं है। गांधी की न सही, जयप्रकाश नारायण की विरासत को बख्श देना चाहिए। दरअसल, डीएम कोर्ट ने सर्वसेवा संघ के दावे को खारिज करते हुए जमीन की बताई है। इसी आधार पर रेलवे ने भवन ध्वस्त करने का नोटिस चस्पा किया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राजघाट पर सर्वसेवा संघ और गांधी विद्या संस्थान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के रचनात्मक आंदोलनों की परंपरा में जय प्रकाश नारायण द्वारा स्थापित संस्थाएं हैं। इन विरासतों को संरक्षण की जगह उनको ध्वस्त करने की मंशा लोकतंत्र के खिलाफ है। सर्वसेवा संघ जैसी संस्थाएं उनके रचनात्मक विचारों की संवाहक रहीं हैं। इस विरासत का ध्वस्तीकरण रोकने के लिए महात्मा के पौत्र राजमोहन गांधी ने भी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील की है। यदि सरकार हठ नहीं छोड़ती है तो काशीवासी और गांधी के विचारों में आस्था रखने वाले लोग उसके सामने माला लेकर खड़े होंगे।