वकीलों ने कोतवाली पर किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बलिया शहर में कचहरी रोड पर सोमवार की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब लोगों ने एक सिपाही और वकील आपस में मारपीट करते देखा। कभी सिपाही वकील पर हावी तो कभी वकील सिपाही के उपर हावी। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओँ ने उन्हें छुड़ाया और सिपाही पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली को घेर लिया।
सूचना पर पहुंचे एसपी और एएसपी समेत वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता कराया। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर आदि नहीं दी गई है। बताया जाता है कि सोमवार दोपहर 12 बजे कचहरी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर एक मुकदमे में पैसे के लेनदेन के मामले को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।
दोनों को झगड़ते देख सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और तरह तरह की चर्चा करने लगे। बलिया के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि अधिवक्ता व सिपाही के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। यह जांच का विषय है। फिलहाल दोनों पक्षों में वार्ता होने के बाद सुलह समझौता हो गया है।