वाराणसी। जमीन के नाम पर धोखाधड़ी और कूटरचना कर 81 लाख रुपये हड़पे जाने का रियल इस्टेट कारोबारी सुरेश सिंह ने बुधवार को वन प्लस टावर के सीएमडी सहित पांच लोगों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
रोहनिया थाना अंतर्गत अमरा के शिवधामनगर कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार सिंह ने कैंट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रियल एस्टेट कंपनी वन प्लस टॉवर के सीएमडी रणविजय सिंह, निदेशक ऋचा सिंह, परिवेश सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर विवेक सिंह और मुकेश कुमार सिंह का जेपी मेहता रोड स्थित वन प्लस कंपनी का दफ्तर है। कंपनी के द गेट के नाम से प्लाटिंग की परियोजना लाई गई थी, जो जमीन उन्हें दिखाई गई थी, और फर्जी कागजात के साथ ही गुमराह करते हुए प्लाट दिखाया गया। खुद के नाम पर आठ और पत्नी श्वेता के नाम पर चार प्लाट 31 मार्च 2018 को बुक कराए और 81 लाख रुपये का भुगतान कर दिया था। जमीन न देने पर 30 जून 2020 को रुपये वापस करने के लिए कंपनी की ओर से कहा गया। फिर एक जुलाई 2020 को ई-मेल के जरिए बताया गया कि दिसंबर तक रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा। अब तक पांच माह बीत गए लेकिन रुपये नहीं लौटाया गया। कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।