मिर्जापुर जेल में निरुद्ध रोहित उर्फ सांडू को पेशी पर लेकर दो जुलाई को दरोगा दुर्गविजय सिंह और चार सिपाही मुज्जफरनगर गए थे। बदमाश मंसूरपुर के जोहरा गांव जिला मुज्जफरनगर निवासी रोहित उर्फ सांडू थाने के जानलेवा हमले के केस में दो जुलाई को एडीजे-11 न्यायालय में पेशी थी। पेशी के बाद पुलिस अभिरक्षा में उसे वापस मिर्जापुर जेल ले जाया जा रहा था।
जानसठ के पास सालारपुर गांव स्थित एक ढाबे पर कार सवार पांच बदमाशों ने फायरिंग करते हुए सांडू को छुड़ा लिया था और उसे साथ लेकर फरार हो गए थे। मृत दारोगा का शव मऊ पहुंचने के बाद जंगीपुर के रास्ते गाजीपुर लाया गया।
गाजीपुर में श्मशान घाट पर पुलिस अधीक्षक डा. अरिंवद चतुर्वेदी, एसपी सिटी प्रदीप दुबे, सीओ डा. तेजवीर सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र चढ़ाया। इसके अलावा भाजपा के पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल, महामंत्री रामनरेश कुशवाहा, ओमप्रकाश राम, प्रवीण सिंह, लालजी गोंड, रासबिहारी राय तथा शशिकांत शर्मा आदि लोगों ने शहीद को नमन किया।