महाराष्ट्र कुश्ती संघ की ओर से औरंगाबाद में हो रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बुधवार को काशी के लालू यादव ने रजत पदक जीत लिया। इसी के साथ यूपी की बालक वर्ग की टीम को फ्रीस्टाइल कुश्ती का उपविजेता बन गया है। इससे पहले बालिका वर्ग में काशी की दो बेटियों आकांक्षा और पायल ने कांस्य पदक जीता था। बालिका टीम तीसरे स्थान पर रही।
अंडर-17 राष्ट्रीय सब जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप 27 से 30 अप्रैल तक खेली जाएगी। वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे दिन फ्रीस्टाइल बालक वर्ग में एक स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य सहित कुल सात पदक जीतकर यूपी ने 146 अंक हासिल किए हैं। साथ ही यूपी की टीम फ्रीस्टाइल बालक वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया है।
यूपी की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फ्रीस्टाइल में वाराणसी के लालू यादव ने 71 किलो भारवर्ग में रजत पदक जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। लालू यादव नैपुरा अखाड़े पर संजय पाल बाबा की देखरेख में नियमित अभ्यास करते हैं। विजेता खिलाड़ियों को भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने पदक देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर कुश्ती कोच अशोक सोनकर, राम सजन यादव, यादवेंद्र यादव, उमेश यादव, टीम मैनेजर कृष्ण कान्त यादव टीम के साथ उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर यूपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष करण भूषण सिंह, सुरेश चंद्र उपाध्याय, गोरख यादव, राजकुमार मिश्रा, रणवीर यादव, ईति प्रजापति ने बधाई दी।