Varanasi News: लगभग 50 लाख की चोरी की सूचना पाकर मौके पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने घर की जांच-पड़ताल की। बताया गया कि चोर अपने साथ सीसीटीवी और डीवीआर भी उठा ले गए। भुक्तभोगी परिवार सिंगापुर से रविवार को वाराणसी पहुंचेगा।
बृजइंक्लेव एक्सटेंशन कॉलोनी में शुक्रवार की रात सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल पारस नाथ पांडेय के मकान का ताला तोड़कर चोर घुसे। एक अनुमान के अनुसार ऑलमारी और लॉकर तोड़ कर नकदी और कीमती सामान मिलाकर चोर 50 लाख रुपये से ज्यादा की चपत लगाए हैं। भेलूपुर थाने की पुलिस कॉलोनी में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
विज्ञापन
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल पारस नाथ पांडेय दो महीने पहले अपने परिवार के साथ पुत्र अनुराग पांडेय के पास सिंगापुर गए थे। रविवार को वह वापस आएंगे। घर की देखभाल करने के लिए उन्होंने मोती प्रजापति को रखा हुआ है।
मोती ने बताया कि उसके पोते की तबीयत खराब होने के कारण उसे देखने के लिए शुक्रवार की रात बड़ी पटिया अपने बेटे के कमरे पर चला गया था। सुबह चार बजे मोती वापस आया तो चोरी की जानकारी हुई। मोती ने बताया कि चोर घर में लगे सीसी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए हैं।